Page Loader
एशियाई खेल 2023: महिला शूटिंग टीम ने लगाया रजत पदक पर निशाना, क्रिकेट टीम फाइनल में
महिला शूटिंग टीम ने जीता रजत पदक (तस्वीर: एक्स/@Media_SAI)

एशियाई खेल 2023: महिला शूटिंग टीम ने लगाया रजत पदक पर निशाना, क्रिकेट टीम फाइनल में

Sep 24, 2023
03:16 pm

क्या है खबर?

एशियाई खेल 2023 में शनिवार को उद्धाटन समारोह के साथ ही इसकी आधिकारिक शुरुआत हुई। रविवार का दिन भारत के लिए मेडल से भरा रहा। निशानेबाजी में महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में 1886 अंकों के साथ भारत ने रजत पदक जीता। मेहुली घोष, आशी चौकसे और रमिता की तिकड़ी ने भारत को पदक दिलाया। रमिता ने 631.9, मेहुली ने 630.8 और आशी ने 623.3 अंक हासिल किए। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक मेजबान चीन ने जीता।

खेल

रमिता जिंदल ने जीता कांस्य

निशानेबाज रमिता जिंदल ने 10 मीटर एयर राइफल में भारत को कांस्य पदक दिलाया। 19 वर्षीय रमिता ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल (व्यक्तिगत) स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है। भारत की ओर से अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह ने लाइटवेट पुरुष डबल स्कल्स (रोइंग) स्पर्धा में रजत पदक जीता। नौकायान में बाबू लाल यादव और लेख राम की जोड़ी ने कांस्य पदक जीता। इस भारतीय जोड़ी ने 6:50:41 के समय के साथ कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

खेल

पुरुष हॉकी टीम ने उजबेकिस्तान को 16-0 से हराया

नीरज, नरेश कलवानिया, नीतिश कुमार, चरणजीत सिंह, जसविंदर सिंह, भीम सिंह, पुनित कुमार, आशीष और धनंजय उत्तम पांडे की टीम ने रोइंग में रजत पदक जीता। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने उजबेकिस्तान को 16-0 से पटखनी दी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को आठ विकेट से हराकर कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। शतरंज में कोनेरू हम्पी, डी हरिका, अर्जुन एरिगैसी और विदित गुजराती ने अपने शुरुआती मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।