Page Loader
एशिया कप 2023: गुलबदीन नईब ने श्रीलंका के खिलाफ लिए 4 विकेट, जानिए उनके आंकड़े 
गुलबदीन नईब ने झटके 4 विकेट (तस्वीर:X/@ACBofficials)

एशिया कप 2023: गुलबदीन नईब ने श्रीलंका के खिलाफ लिए 4 विकेट, जानिए उनके आंकड़े 

Sep 05, 2023
07:53 pm

क्या है खबर?

एशिया कप 2023 के छठे मैच में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के गुलबदीन नईब ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। उनकी उम्दा गेंदबाजी के बावजूद श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 291 रन बनाए हैं। बता दें कि श्रीलंका के खिलाफ अनुभवी नईब का गेंदबाजी में यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बन गया है। आइए उनके प्रदर्शन और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन 

शानदार रही नईब की गेंदबाजी 

दाएं हाथ से मध्यम गति से गेंदबाजी करने वाले नईब ने दिमुथ करुणारत्ने (32) के रूप में अपना पहला विकेट लिया। उन्होंने करुणारत्ने को मोहम्मद नबी के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद उन्होंने पथुम निसानका (41) और सदीरा समरविक्रमा (3) के रूप में शीर्षक्रम के विकेट चटकाए। नईब ने अपने आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर महीश तीक्ष्णा को बोल्ड करते हुए अपने 4 विकेट लिए। उन्होंने अपने 10 ओवर में 60 रन दिए।

वनडे करियर 

नईब के वनडे करियर पर एक नजर 

नईब ने 2011 में कनाडा क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज किया था। उन्होंने अब तक 79 मैचों में 34.05 की औसत और 5.45 की इकॉनमी रेट के साथ 72 विकेट ले लिए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 43 रन देते हुए 6 विकेट लेना रहा है। यह तीसरा मौका है, जब उन्होंने किसी वनडे मैच में 4 विकेट लिए हैं। वह अफगानिस्तान से पांचवें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

बनाम श्रीलंका 

श्रीलंका के खिलाफ कैसे रहे हैं नईब के आंकड़े?

नईब ने श्रीलंका के खिलाफ अब तक 7 वनडे खेले हैं, जिसमें उन्होंने 22.80 की औसत और 6 की इकॉनमी रेट के साथ 10 विकेट लिए हैं। यह पहला मौका है, जब उन्होंने श्रीलंका के विरुद्ध वनडे में 4 विकेट चटकाए हैं। श्रीलंकाई सरजमीं पर उन्होंने अब तक सिर्फ 5 वनडे खेले हैं, जिसमें 22.83 की औसत और 5.48 की इकॉनमी रेट के साथ 6 विकेट लिए हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस 

नईब ने बल्लेबाजी में 20.11 की औसत के साथ 1,207 रन बनाए हुए हैं। वह वनडे में 1,000 रन के साथ-साथ 50 से अधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी हैं। उनके अलावा अफगानिस्तान से सिर्फ नबी और राशिद ने ऐसा किया है।

लेखा-जोखा 

श्रीलंका ने बनाया अच्छा स्कोर 

श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर के बाद 291/8 का स्कोर बनाया है। श्रीलंका से कुसल मेंडिस ने 92 रन की पारी खेली। उनके अलावा पथुम निसांका ने 41 रन बनाए। अफगान टीम से नईब के अलावा राशिद खान ने 2 विकेट लिए। अफगानिस्तान को सुपर-4 में पहुंचने के लिए इस लक्ष्य को 37.1 ओवर के अंदर हासिल करना होगा। अगर वह ऐसा करने में असफल होते हैं तो ग्रुप-B से श्रीलंका सुपर-4 में पहुंच जाएगी।