LOADING...
एशिया कप 2022: हांगकांग के खिलाफ मैच में रोहित ने बनाए ये अहम रिकॉर्ड्स
रोहित ने पूरे किए अपने 3,500 रन (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

एशिया कप 2022: हांगकांग के खिलाफ मैच में रोहित ने बनाए ये अहम रिकॉर्ड्स

Sep 01, 2022
10:51 am

क्या है खबर?

एशिया कप 2022 में बीते बुधवार (31 अगस्त) को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने हांगकांग को 40 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने सुपर-4 में जगह बना ली है। इस मैच में कप्तान रोहित शर्मा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 3,500 रन पूरे कर लिए हैं। इसके अलावा भी उन्होंने कुछ रिकॉर्ड्स और उपलब्धियां हासिल की। उनके द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

उपलब्धि

3,500 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने रोहित

पारी की शुरुआत करने आए रोहित ने 13 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 21 रनों की पारी खेली। इस बीच उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में अपने 3,500 रन पूरे कर लिए हैं और ऐसा करने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके अब 134 मैचों में 3,520 रन हो गए हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उनके अलावा 3,000 रन सिर्फ मार्टिन गुप्टिल (3,497), विराट कोहली (3,402) और पॉल स्टर्लिंग (3,011) ने बनाए हैं।

कप्तानी

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरे सबसे सफल भारतीय कप्तान बने रोहित

रोहित शर्मा ने अब तक खेल के सबसे छोटे प्रारूप में 37 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से उनकी टीम 31 में जीती है। उन्होंने विराट कोहली (30) से ज्यादा मैच बतौर कप्तान जीत लिए हैं और वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के दूसरे सबसे सफल कप्तान बन गए हैं। भारत में उनसे सफल कप्तान सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी है, जिन्होंने 41 टी-20 मैचों में भारत को जीत दिलाई है।

Advertisement

एशिया कप

रोहित की कप्तानी में भारत ने एशिया कप में दर्ज की लगातार सातवीं जीत

रोहित की कप्तानी में एशिया कप में भारत ने अपना लगातार सातवां मैच जीता है, जो इस टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे बड़ी विनिंग स्ट्रीक है। बता दें मौजूदा सीजन में भारत ने हांगकांग से पहले पाकिस्तान को हराया था। वहीं रोहित की कप्तानी में ही 2018 में खेले गए एशिया कप के पिछले सीजन में भारत ने लगातार पांच मैच जीतते हुए खिताब पर कब्जा जमाया था। हालांकि, पिछला सीजन वनडे प्रारूप में खेला गया था।

Advertisement

ओपनर

बतौर ओपनर 12,000 रन पूरे किए

हांगकांग के खिलाफ 21 रनों की पारी के दौरान ही रोहित ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ओपनर के तौर पर अपने 1,2000 रन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए सभी प्रारूपों को मिलाकर कुल 276 पारी ली। वह सचिन तेंदुलकर (270) के बाद इस आंकड़े तक सबसे कम पारियों में पहुंचने वाले भारतीय ओपनर बने हैं। रोहित ने सुनील गावस्कर (282) और वीरेंद्र सहवाग (312) से तेज इस कीर्तिमान को छूआ है।

Advertisement