Page Loader
IPL 2025 में अजिंक्य रहाणे हो सकते हैं KKR के कप्तान
IPL 2025 में अजिंक्य रहाणे हो सकते हैं KKR के कप्तान (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

IPL 2025 में अजिंक्य रहाणे हो सकते हैं KKR के कप्तान

Dec 02, 2024
09:12 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 की नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अजिंक्य रहाणे को उनके बेस प्राइस 1.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस बीच खबर है कि रहाणे IPL 2025 में KKR की कप्तानी के प्रबल दावेदार हैं। बता दें कि KKR ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में IPL 2024 का खिताब जीता था। हालांकि, उन्हें फ्रेंचाइजी ने रिलीज कर दिया था। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

रहाणे का कप्तान बनना लगभग तय

KKR की टीम से जुड़े एक सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा, "हां, फिलहाल यह 90 प्रतिशत तय है कि अजिंक्य KKR के नए कप्तान होंगे। उन्हें KKR ने खास तौर पर कप्तानी के लिए एक बेहतर विकल्प के तौर पर खरीदा है।" अगर ऐसा होता है तो यह रहाणे के लिए सकारात्मक बदलाव होगा। उन्हें हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई क्रिकेट टीम की कप्तानी के पद से हटा दिया गया था।

करियर 

ऐसा है रहाणे का IPL करियर 

रहाणे पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की ओर से खेले थे। वह इसके अलावा दिल्ली कैपिटल्स (DC), KKR, राजस्थान रॉयल्स (RR), राइजिंग पुणे सुपरजायंट और मुंबई इंडियंस (MI) के लिए भी खेल चुके हैं। उन्होने अब तक 185 मुकाबले खेले हैं। इसकी 171 पारियों में 30.14 की औसत और 123.42 की स्ट्राइक रेट से 4,642 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 शतक और 30 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 105* रन रहा है।

पूर्व बयान 

रहाणे को कप्तानी देने को लेकर वैंकी मैसूर ने क्या कहा?

KKR के सीईओ वैंकी मैसूर ने रहाणे को कप्तान बनाने को लेकर हाल ही में कहा था, "ईमानदारी से कहूं तो, हमें बैठकर जायजा लेना होगा। कभी-कभी ऐसा होता है कि इन सभी चीजों को करने के बाद, आपको बस बैठकर सोचना होता है, पूरी बात को देखना होता है। इसमें हितधारक और थिंक टैंक की भूमिका होगी। इसलिए हम सभी बैठेंगे और इस बारे में उचित चर्चा करेंगे। मुझे यकीन है कि एक उचित निर्णय लिया जाएगा।"

वेंकटेश 

KKR ने वेंकटेश अय्यर पर किया है भारी निवेश 

KKR ने नीलामी में वेंकटेश अय्यर को 23.75 करोड़ रुपये में खरीदा है। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये था। उनके पीछे नीलामी में RCB ने भी खूब दिलचस्पी दिखाई। वह पिछले सीजन में भी KKR की ओर से खिताब जीते थे। हालांकि, उन्हें टीम ने रिटेन नहीं किया था। उन्होंने IPL 2024 में उन्होंने 15 मैचों में 46.25 की औसत से 370 रन बनाए थे। भारी निवेश के बावजूद वह भी KKR की कप्तानी का विकल्प हो सकते हैं।