Loading...
अफगानिस्तान बनाम बांग्लादेश: लिटन दास ने जड़ा 7वां टेस्ट शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स 
लिटन दास ने शानदार शतकीय पारी खेली (फाइल तस्वीर)

अफगानिस्तान बनाम बांग्लादेश: लिटन दास ने जड़ा 7वां टेस्ट शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स 

Oct 12, 2026
04:08 pm

क्या है खबर?

बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने अबू धाबी में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ एकमात्र टेस्ट की दूसरी पारी 7 विकेट पर 372 रन बनाकर घोषित कर दी। अफगानिस्तान को जीत के लिए 479 रन का लक्ष्य मिला। कप्तान लिटन दास ने 102 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टेस्ट करियर का 7वां शतक पूरा किया। उन्होंने मेहदी हसन मिराज के साथ 7वें विकेट के लिए 149 रन की अहम साझेदारी की। पारी घोषित होने के समय मिराज 52 रन बनाकर नाबाद थे।

पारी

ऐसी रही लिटन की पारी 

दिन के पहले सत्र में लिटन ने शानदार बल्लेबाजी की, जबकि अफगानिस्तान की टीम ने उन्हें 3 बार जीवनदान दिया।

वह 14, 26 और 67 रन के निजी स्कोर पर आउट होने से बचे।

बांग्लादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज ने इन मौकों का पूरा फायदा उठाया। इस खिलाड़ी ने 117 गेंदों का सामना किया और 102 रन बनाकर आउट हुए।

उनके बल्ले से 14 चौके निकले और उनकी स्ट्राइक रेट 87.18 की रही।

उपलब्धि

लिटन ने हासिल की ये उपलब्धि 

लिटन ने टेस्ट क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की।

बांग्लादेश के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने के मामले में उन्होंने मुशफिकुर रहीम की बराबरी कर ली है।

दोनों के नाम बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज 6-6 शतक हैं। हालांकि, लिटन का यह कुल 7वां टेस्ट शतक है।

57 टेस्ट में उनके नाम 21 अर्धशतक भी हैं। इसके साथ ही उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 3,500 रन पूरे कर लिए हैं। उनके कुल 3,511 रन हैं।

ADVERTISEMENT

अफगानिस्तान

अफगानिस्तान के खिलाफ कमाल के हैं लिटन के आंकड़े 

लिटन ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहली पारी में भी शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने 89 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 53 रन बनाए थे।

अब अफगानिस्तान के खिलाफ 6 टेस्ट पारियों में उनके नाम 2 अर्धशतक और एक शतक दर्ज हो गया है। इस दौरान लिटन ने कुल 272 रन बनाए हैं।

अफगानिस्तान के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी औसत 54.40 की है, जो इस टीम के विरुद्ध उनकी निरंतरता को दर्शाता है।

ADVERTISEMENT