ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत, तीसरा वनडे: मनुका ओवल से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े और रिकॉर्ड्स
ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच 02 दिसंबर (बुधवार) को कैनबेरा के मनुका ओवल में तीसरा और अंतिम वनडे मैच खेला जाएगा। पहले दो वनडे में दमदार जीत हासिल करके ऑस्ट्रेलिया पहले ही खिताब पर अपना कब्जा जमा चुकी है। ऑस्ट्रेलिया जहां भारत को क्लीन स्वीप करना चाहेगी तो वहीं भारत आखिरी मैच जीतकर सम्मान बचाने उतरेगा। एक नजर डालते हैं मनुका ओवल मैदान के महत्वपूर्ण आंकड़ों और रिकॉर्ड्स पर।
ये हैं इस मैदान पर बने उच्चतम और न्यूनतम टीम टोटल
इस मैदान का उच्चतम स्कोर (411/4) दक्षिण अफ्रीका ने 2015 क्रिकेट विश्व कप के दौरान आयरलैंड के खिलाफ बनाया था। 2015 विश्व कप के दौरान ही इस मैदान का न्यूनतम स्कोर भी बना था जब अफगानिस्तान क्रिकेट टीम 162 के स्कोर पर बांग्लादेश के खिलाफ सिमट गई थी। ऑस्ट्रेलिया का इस मैदान पर उच्चतम स्कोर 378/5 रहा है और उनका न्यूनतम स्कोर भी 329 का रहा है।
फिंच ने बनाए हैं इस मैदान पर सबसे अधिक रन
आरोन फिंच ने इस मैदान पर खेले चार वनडे मैचों में सबसे अधिक 273 रन बनाए हैं। फिंच ही इस मैदान पर संयुक्त रूप से सबसे अधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं। इस मैदान पर सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर क्रिस गेल (215) ने 2015 विश्व कप के दौरान खेला था। शिखर धवन और विराट कोहली इस मैदान पर शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर ने संयुक्त रूप से सबसे अधिक अर्धशतक लगाए हैं।
स्टार्क ने लिए हैं इस मैदान पर सबसे अधिक विकेट
मिचेल स्टार्क ने इस मैदान पर तीन मैचों में सबसे अधिक सात विकेट लिए हैं। इस मैदान पर स्टार्क का औसत 19.14 का रहा है। जोश हेजलवुड ने भी इस मैदान पर खेले दो मैचों में ही पांच विकेट लिए हैं। आठ ओवर में 32 रन देकर चार विकेट लेकर स्टार्क ने इस मैदान की तीसरी सबसे बेहतरीन गेंदबाजी की है। पैट कमिंस ने भी एक पारी में चार विकेट लिए हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने इस मैदान पर जीते हैं अपने सभी वनडे
इस मैदान पर पहला वनडे 10 मार्च, 1992 को खेला गया था और फिर दूसरा वनडे सीधे 12 फरवरी, 2008 को खेला गया। अब तक इस मैदान पर केवल नौ वनडे खेले गए हैं जिसमें तीन मैच 2015 क्रिकेट विश्व कप के थे। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैदान पर खेले अपने सभी चारों मैचों में जीत हासिल की है। दिसंबर 2016 के बाद इस मैदान पर पहला वनडे खेला जाना है।