जन्मदिन विशेष: मार्टिन गुप्टिल द्वारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बनाए कुछ प्रमुख रिकॉर्ड्स पर एक नजर
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल शनिवार (30 सितंबर) को 37 साल के हो गए हैं।
गुप्टिल का जन्म 1986 में ऑकलैंड में हुआ था। उन्होंने साल 2009 में वनडे प्रारूप के जरिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। वह वनडे अंतरराष्ट्रीय में दोहरा शतक लगाने का कारनामा कर चुके हैं।
इसके अलावा भी उनके नाम बल्लेबाजी में कई रिकॉर्ड्स दर्ज हैं, आइए उन पर एक नजर डालते हैं।
वनडे
वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले इकलौते कीवी बल्लेबाज हैं गुप्टिल
गुप्टिल ने 2015 के विश्व कप में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ मुकाबले में 163 गेंदों में नाबाद 237 रन बनाए थे। उन्होंने अपनी पारी में 24 चौके और 11 छक्के लगाए थे।
वह 50 ओवर प्रारूप में दोहरा शतक लगाने वाले विश्व के 5वें बल्लेबाज बने थे। वह न्यूजीलैंड की ओर से ये कारनामा करने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं।
गुप्टिल वनडे क्रिकेट में रोहित शर्मा (264 रन) के बाद दूसरे सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर वाले बल्लेबाज हैं।
विश्व कप
वनडे विश्व कप में सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड है गुप्टिल के नाम दर्ज
गुप्टिल (237* रन) विश्व कप के इतिहास में दोहरा शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने थे। उनसे पहले सिर्फ क्रिस गेल ने ये कारनामा किया था।
गुप्टिल विश्व कप में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर वाले बल्लेबाज भी हैं।
उनके बाद इस सूची में गेल (215), दक्षिण अफ्रीका के गैरी कस्टर्न (188*), भारत के सौरव गांगुली (183) और वेस्टइंडीज के विवियन रिचर्ड्स (181) हैं।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में न्यूजीलैंड से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं गुप्टिल
गुप्टिल का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर बेमिसाल रहा है। उन्होंने 122 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 31.81 की औसत और 135.70 की स्ट्राइक रेट से 3,531 रन बनाए हैं। इस बीच वह 2 शतक और 20 अर्धशतक भी अपने नाम कर चुके हैं।
वह न्यूजीलैंड की ओर से खेल के सबसे छोटे प्रारूप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
विश्व क्रिकेट की बात करें तो सिर्फ विराट कोहली (4,008) और रोहित (3,853) ही उनसे ज्यादा रन बना चुके हैं।
जानकारी
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरे सर्वाधिक छक्के
गुप्टिल ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 173 छक्के लगाए हैं। उनसे आगे इस सूची में सिर्फ भारतीय कप्तान रोहित हैं, जिन्होंने 148 मैचों में 182 छक्के लगाए हैं।
करियर
गुप्टिल के वनडे और टेस्ट करियर पर एक नजर
गुप्टिल ने 198 वनडे मैचों में 41.73 की औसत और 87.29 की स्ट्राइक रेट से 7,346 रन बनाए हैं। इस बीच उनके बल्ले से 18 शतक और 39 अर्धशतक भी निकले हैं।
वह अपने टेस्ट करियर में लगभग 30 की औसत के साथ 2,586 रन बना चुके हैं
। उन्होंने खेल के सबसे बड़े प्रारूप में 189 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 3 शतक और 17 अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
गुप्टिल खेल के तीनों प्रारूपों में शतक लगाने वाले न्यूजीलैंड के 2 बल्लेबाजों में शामिल हैं। उनके अलावा कीवी टीम से ब्रैंडन मैकुलम ऐसा कर चुके हैं।