Page Loader
वनडे विश्व कप 2023: रोहित शर्मा ये 5 बड़े रिकॉर्ड्स कर सकते हैं अपने नाम 
रोहित शर्मा इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं (टीम: तस्वीर: एक्स/@BCCI)

वनडे विश्व कप 2023: रोहित शर्मा ये 5 बड़े रिकॉर्ड्स कर सकते हैं अपने नाम 

Oct 01, 2023
02:04 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 की मेजबानी भारत कर रहा है। ऐसे में भारतीय क्रिकेट टीम अपने तीसरे खिताब को जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। टीम के पास कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो अकेले पूरा मैच पलट सकते हैं। कप्तान के तौर पर पहला विश्व कप खेल रहे रोहित शर्मा भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आइए उनके 5 ऐसे रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं जो वह इस विश्व कप में बना सकते हैं।

शतक

वनडे विश्व कप में सर्वाधिक शतक

रोहित ने अब तक केवल 2 विश्व कप में (2015 और 2019) भाग लिया है और पिछले संस्करण में उन्होंने 5 शतक जड़ दिए थे। 2015 के विश्व कप में रोहित के बल्ले से 1 शतक बांग्लादेश के खिलाफ आया था। 6 विश्व कप शतक उनके अलावा सिर्फ महान सचिन तेंदुलकर ने लगाए हैं। ऐसे में रोहित 1 शतक लगाते ही सचिन का यह बड़ा रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। सचिन ने विश्व कप में सबसे ज्यादा रन भी बनाए हैं।

पीछे

अंतरराष्ट्रीय छक्कों के मामले में गेल को पीछे छोड़ सकते हैं रोहित

भारतीय कप्तान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। क्रिस गेल को पछाड़ने के लिए उन्हें सिर्फ 3 छक्कों की जरूरत है। गेल ने अब तक 553 छक्के लगाए हैं। रोहित के नाम 551 छक्के हैं। गेल के अलावा 500 से अधिक छक्के लगाने वाले वह एकमात्र अन्य बल्लेबाज हैं। 2007 में रोहित ने भारतीय टीम के लिए डेब्यू किया था और इसके बाद से किसी अन्य बल्लेबाज ने 450 छक्के भी नहीं लगाए हैं।

रन

विश्व कप में पूरे कर सकते हैं 1,000 रन 

वनडे विश्व कप में 1,000 रन बनाने वाले चौथे भारतीय बनने के लिए रोहित को सिर्फ 22 रनों की जरूरत है। वह तेंदुलकर (2,278), विराट कोहली (1,030) और सौरव गांगुली (1,006) के साथ शीर्ष सूची में शामिल हो जाएंगे। रोहित ने अब तक 17 मैचों में 978 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 3 अर्धशतक लगाए हैं। उनका औसत 65.20 का रहा है। रोहित 2011 विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं बन पाए थे।

रिकॉर्ड

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 18,000 रन

रोहित को टूर्नामेंट के दौरान 18,000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने के लिए 358 रनों की जरूरत है। वह जिस तरह के फॉर्म में चल रहे हैं यह रिकॉर्ड आसानी से बना लेंगे। वह तेंदुलकर (34,357), कोहली (25,767), गांगुली (18,433) और राहुल द्रविड़ (24,064) के साथ यह उपलब्धि हासिल करने वाले 5वें भारतीय बन जाएंगे। रोहित ने अब तक सभी प्रारूपों में 451 मैचों में 17,642 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 44 शतक और 97 अर्द्धशतक बनाए हैं।

अर्धशतक 

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 अर्द्धशतक

रोहित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 अर्धशतक पूरा करने से सिर्फ 3 अर्धशतक दूर हैं। अब तक केवल 5 भारतीयों ने यह उपलब्धि हासिल की है। तेंदुलकर (164), कोहली (132), गांगुली (106), द्रविड़ (145) और महेंद्र सिंह धोनी (108) अर्धशतक लगा चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोहित ने औसत 43.13 का रहा है।रोहित ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर 13,546 रन बनाए हैं। इसमें 39 शतक और 69 अर्द्धशतक शामिल हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

रोहित ने विश्व कप में 17 मुकाबलों में 978 रन बनाए हैं। इस दौरान 6 शतक और 3 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 140 रन रहा है। वह 2 बार नाबाद रहे हैं। उन्होंने विश्व कप में 100 चौके और 23 छक्के निकले हैं।