Page Loader
IPL में जैक्स कैलिस के बल्ले से निकली सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर 
जैक्स कैलिस का बल्ला IPL में भी जमकर बोला है (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL में जैक्स कैलिस के बल्ले से निकली सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर 

Apr 03, 2024
08:05 am

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी जैक्स कैलिस क्रिकेट के महानतम ऑलराउंडर खिलाड़ियों में एक हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों प्रारूप में गेंद और बल्ले से कई कमाल के प्रदर्शन किए हैं। इस दिग्गज खिलाड़ी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी अपने प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीता है। ऐसे में आइए क्रिकेट की इस सबसे बड़ी लीग में उनकी सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर डाल लेते हैं।

#1

89 बनाम पंजाब- 2010 

IPL 2010 में कैलिस रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेलते थे। सीजन का 7वां मुकाबला RCB किंग्स इलेवन पंजाब अब पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ खेल रही थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने 3 विकेट खोकर 203 रन बना दिए थे। जवाब में कैलिस ने 55 गेंद का सामना किया और 89 रन जड़ दिए। उनके बल्ले से 8 चौके और 5 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 161.81 की रही। RCB ने 8 विकेट से मैच जीता था।

#2

66* बनाम मुंबई-2010 

IPL 2010 का 14वां मुकाबला मुंबई इंडियंस (MI) और RCB के बीच खेला गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए MI ने 9 विकेट खोकर 151 रन बना दिए थे। पिच गेंदबाजों को काफी मदद कर रही थी। ऐसे में कैलिस ने 55 गेंद का सामना किया और 66 रन जड़ दिए। उनके बल्ले से 10 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 120.00 की रही। उनकी इस पारी के ही कारण RCB को 7 विकेट से जीत मिली थी।

#3

53 बनाम हैदराबाद- 2011

IPL 2011 में कैलिस KKR की टीम का हिस्सा थे। सीजन के 6वें मैच में KKR ने हैदराबाद के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर 163 रन बनाए थे। इस बार भी पिच गेंदबाजों को काफी मदद कर रही थी। कैलिस के बल्ले से 45 गेंद में 53 रन निकले। उन्होंने 7 चौके और 1 छक्का लगाया। हैदराबाद की टीम दूसरी पारी में सिर्फ 154 रन बना पाई और मुकाबला 9 रन से हार गई।

#4

72 बनाम मुंबई 2014 

IPL 2014 के पहले मैच में KKR ने MI के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 163 रन बनाए थे। कैलिस ने 46 गेंद का सामना किया था और 72 रन की पारी खेली थी। उनके बल्ले से 5 चौके और 3 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 156.52 की रही थी। जवाब में MI सिर्फ 122 रन ही बना पाई थी। कैलिस को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला था।