Page Loader
IPL: क्रिस गेल की RCB के लिए खेली गई 5 सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर 
क्रिस गेल IPL के दिग्गज खिलाड़ियों में से एक हैं (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL: क्रिस गेल की RCB के लिए खेली गई 5 सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर 

Apr 02, 2024
07:56 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल का रिकॉर्ड कमाल का रहा है। इस खिलाड़ी ने क्रिकेट की सबसे बड़ी लीग में कई ऐतिहासिक पारियां खेली हैं। वह जब मैदान पर उतरते तो उनके बल्ले से बड़े-बड़े छक्के निकलना आम बात होती थी। उनकी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से गेंदबाज खौफ खाते थे। ऐसे में आइए इस स्टार खिलाड़ी की 5 सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर डाल लेते हैं।

#1

175* बनाम पुणे वॉरियर्स- 2013 

IPL के इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर गेल के नाम है। IPL 2013 का 31वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और पुणे वॉरियर्स के बीच खेला गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने 5 विकेट खोकर 263 रन बना दिए थे। यह IPL इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा टीम स्कोर है। गेल ने 66 गेंद में 13 चौके और 17 छक्के की मदद से 175 रन बनाए थे। RCB ने वह मुकाबला 130 रन से जीता था।

#2

128* बनाम दिल्ली- 2012

IPL 2012 का 67वां मैच दिल्ली डेयरडेविल्स अब दिल्ली कैपिटल्स (DC) और RCB के बीच खेला गया था। इस मुकाबले में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 1 विकेट खोकर ही 215 रन बना दिए थे। गेल ने सिर्फ 62 गेंद का सामना किया था और 128 रन की धमाकेदार पारी खेली थी। उनके बल्ले से 7 चौके और 13 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 206.45 की रही थी। RCB ने यह मुकाबला 21 रन से जीता था।

#3

117 बनाम पंजाब- 2015 

IPL 2015 के 40वें मैच में RCB का सामना किंग्स इल्वेन पंजाब अब पंजाब किंग्स (PBKS) से हुआ था। RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट खोकर 226 रन बना दिए थे। गेल ने उस मुकाबले में 57 गेंद का सामना किया था और 117 रन की पारी खेली थी। उनके बल्ले से 7 चौके और 12 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 205.26 की रही थी। RCB ने यह मुकाबला 138 रन से अपने नाम किया था।

#4

104 बनाम हैदराबाद- 2018 

IPL 2018 में गेल PBKS की टीम का हिस्सा थे। सीजन के 16वें मैच में PBKS का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से हुआ था। टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट खोकर 193 रन बनाए थे। गेल ने उस मुकाबले में 63 गेंद का सामना किया था और 104 रन की पारी खेली थी। उनके बल्ले से 1 चौका और 11 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 165.07 की रही थी। PBKS को 15 रन से जीत मिली थी।

#5

102* बनाम कोलकाता- 2011

IPL 2011 का 24वां मुकाबला RCB और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच खेला गया था। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने 5 विकेट खोकर 171 रन बना दिए थे। जवाब में गेल ने धुआंधार पारी खेलते हुए 55 गेंद में 102 रन बना दिए थे। उनके बल्ले से 10 चौके और 7 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 185.45 की रही थी। RCB को उस मुकाबले में 9 विकेट से जीत मिली थी।