Loading...
ऑरकुट की होगी वापसी? पुराने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को फिर शुरू करना चाहते हैं निर्माता
भारत में लोकप्रिय रहे ऑरकुट की वापसी की तैयारी

ऑरकुट की होगी वापसी? पुराने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को फिर शुरू करना चाहते हैं निर्माता

Oct 09, 2026
03:06 pm

क्या है खबर?

फेसबुक और इंस्टाग्राम के लोकप्रिय होने से पहले ऑरकुट भारत में सोशल मीडिया का जाना-पहचाना नाम था। अब इसके निर्माता ऑरकुट बायुक्कोकटेन इसे दोबारा शुरू करना चाहते हैं। उनका कहना है कि इंटरनेट को फिर से इंसानों और आपसी जुड़ाव पर केंद्रित करने की जरूरत है। इसके लिए उन्होंने एक ऑनलाइन याचिका शुरू की है और लोगों से समर्थन मांगा है। हालांकि, अभी प्लेटफॉर्म की वापसी की आधिकारिक तारीख या लॉन्च की जानकारी सामने नहीं आई है।

वजह

गूगल ने 2014 में क्यों बंद किया था ऑरकुट?

गूगल ने साल 2004 में ऑरकुट की शुरुआत की थी। इसका नाम इसके निर्माता ऑरकुट बायुक्कोकटेन के नाम पर रखा गया था।

शुरुआत में इस सोशल नेटवर्किंग साइट को काफी लोकप्रियता मिली और भारत समेत कई देशों में इसके लाखों यूजर्स बन गए, लेकिन समय के साथ फेसबुक जैसे दूसरे प्लेटफॉर्म आगे बढ़ने लगे।

गूगल ने 2014 में ऑरकुट को बंद करने का फैसला किया। कंपनी ने कहा था कि उसके दूसरे सोशल प्लेटफॉर्म ज्यादा तेजी से बढ़ रहे थे।

निर्माता

कौन हैं ऑरकुट के निर्माता और क्यों चाहते हैं वापसी?

ऑरकुट बायुक्कोकटेन तुर्किये के सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं।

उन्होंने गूगल में काम करते हुए ऑरकुट बनाया था और करीब 12 साल तक कंपनी से जुड़े रहे। उन्होंने बिलकेंट यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से पीएचडी पूरी की।

अब उनका मानना है कि आज के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लोगों का ध्यान खींचने पर ज्यादा जोर देते हैं। वह ऐसा नेटवर्क बनाना चाहते हैं, जहां असली बातचीत, भरोसे, आपसी सम्मान और समुदायों को महत्व मिले।

ADVERTISEMENT

समर्थन

ऑनलाइन याचिका के जरिए लोगों से मांगा समर्थन

बायुक्कोकटेन ने सोशल मीडिया पर मैसेज साझा कर लोगों से प्लेटफॉर्म की वापसी के अभियान में शामिल होने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर लोगों के बीच वास्तविक जुड़ाव पहले ज्यादा महसूस होता था, लेकिन अब तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल से यह बदल रहा है। उनकी वेबसाइट पर वापसी के समर्थन में नाम दर्ज करने का विकल्प दिया गया है।

हालांकि, ऑरकुट की वापसी अभी तय नहीं हुई है।

ADVERTISEMENT