Loading...
एलन मस्क का स्टारलिंक यूक्रेन की जंग में क्यों है इतना जरूरी?
यूक्रेन की जंग में स्टारलिंक इंटरनेट जरूरी

एलन मस्क का स्टारलिंक यूक्रेन की जंग में क्यों है इतना जरूरी?

Oct 15, 2026
07:14 pm

क्या है खबर?

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में एलन मस्क की कंपनी स्पेस-X का स्टारलिंक इंटरनेट काफी अहम है। यूक्रेन की सेना इसका इस्तेमाल आपस में संपर्क बनाए रखने, दुश्मन पर नजर रखने और ड्रोन उड़ाने के लिए करती है। मंगलवार रात स्टारलिंक ने तेज गति से उड़ने वाले ड्रोन के इंटरनेट कनेक्शन पर रोक लगा दी। इससे यूक्रेन के कुछ सैन्य अभियान प्रभावित हुए। इस घटना ने दिखाया कि युद्ध में स्टारलिंक पर यूक्रेन की निर्भरता कितनी ज्यादा है।

भूमिका

दूर बैठकर ड्रोन चलाने में मिलती है मदद

स्टारलिंक अंतरिक्ष में मौजूद हजारों सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट पहुंचाता है।

इसके लिए जमीन पर एक छोटा उपकरण लगाना पड़ता है। यूक्रेनी सेना इस इंटरनेट की मदद से दूर बैठकर ड्रोन चलाती है। ऑपरेटर ड्रोन के कैमरे से सामने की तस्वीरें देख सकते हैं और उसी समय जरूरी फैसले ले सकते हैं।

इससे दुश्मन की जगह का पता लगाने में मदद मिलती है। सामान्य रेडियो के मुकाबले स्टारलिंक के जरिए लंबी दूरी तक संपर्क बनाए रखना आसान होता है।

महत्व

रूसी हमलों से बचने में भी मददगार

यूक्रेन की सेना स्टारलिंक का इस्तेमाल सिर्फ ड्रोन चलाने के लिए नहीं करती, बल्कि रूसी हमलों से बचने के लिए भी करती है।

इसकी मदद से सेना अलग-अलग जगहों पर तैनात अपने जवानों से संपर्क बनाए रखती है। इससे दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रखने में भी मदद मिलती है।

स्टारलिंक यूक्रेन की सैन्य व्यवस्था का अहम हिस्सा बन गया है। अगर इसका कनेक्शन टूट जाए, तो ड्रोन चलाना और दुश्मन के हमलों का जवाब देना मुश्किल हो सकता है।

ADVERTISEMENT

परेशानी

तेज ड्रोन का कनेक्शन टूटने से बढ़ी परेशानी

रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार रात स्टारलिंक ने 160 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार वाले ड्रोन का कनेक्शन प्रभावित करने वाली सीमा लागू की।

इससे यूक्रेन के कुछ सैन्य अभियान रुक गए। बुधवार शाम तक इंटरनेट कनेक्शन फिर ठीक हो गया था। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बाद में कहा कि यह सिर्फ तकनीकी खराबी नहीं थी।

हालांकि, स्टारलिंक ने यह बड़ा कदम क्यों उठाया, इसकी असली वजह साफ नहीं हो पाई है।

ADVERTISEMENT

चिंता

स्टारलिंक का विकल्प नहीं होने से बढ़ी चिंता

यूक्रेन के लिए स्टारलिंक का तुरंत कोई दूसरा विकल्प उपलब्ध नहीं है।

ऐसे में अगर इसका इंटरनेट बंद होता है या इसकी गति पर रोक लगती है, तो सेना के बीच संपर्क और ड्रोन से जुड़े काम प्रभावित हो सकते हैं। मस्क ने कहा कि स्टारलिंक का इस्तेमाल आक्रामक सैन्य हमलों के लिए नहीं होना चाहिए।

उन्होंने यह भी बताया कि स्टारशील्ड नाम की सैन्य सेवा पर अमेरिकी सरकार का नियंत्रण है।

ADVERTISEMENT