ट्विटर में अब तक इन 5 लोगों ने संभाली है CEO की कुर्सी
एलन मस्क के एक ट्वीट से ट्विटर के नए CEO को लेकर चर्चा छिड़ गई है। मस्क ने ट्वीट कर बताया कि उन्होंने नई CEO को हायर कर लिया है और वह 6 हफ्ते बाद अपना पद संभाल लेंगी। हालांकि, उन्होंने नई CEO के नाम का खुलासा नहीं किया है। कयास लगाया जा रहा है कि लिंडा याकारिनो ट्विटर की नई CEO हो सकती हैं। आइये जान लेते हैं अभी तक ट्विटर के CEO कौन-कौन रहे हैं।
इवान विलियम्स थे ट्विटर के पहले CEO
वर्ष 2006 में मार्च में ट्विटर की स्थापना के बाद से अब तक 5 लोग इसके CEO रहे हैं। मार्च 2006 में जैक डोर्सी, नोआ ग्लास, बिज स्टोन और इवान विलियम्स ने ट्विटर की शुरुआत की थी। पहले इसकी स्पेलिंग twttr थी, जिसे बाद में twitter किया गया। ट्विटर के पहले CEO इवान विलियम्स थे और उन्होंने ही 2006 में ट्विटर की स्थापना की थी। करीब दो साल 2008 में विलियम्स CEO पद से हट गए।
कोस्टोलो ने आलोचना के बाद दिया था इस्तीफा
विलियम्स के बाद डिक कोस्टोलो ट्विटर के CEO बनाए गए। उन्होंने 5 साल तक ट्विटर का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल के दौरान ट्विटर की प्रगति में महत्वपूर्ण वृद्धि भी हुई। हालांकि, कंपनी के विकास को संभालने के कोस्टोलो के तरीके की आलोचना भी हुई थी। दरअसल, कोस्टोलो के नेतृत्व में कम मुनाफे की बात उठने लगी थी और इसी वजह से उन्होंने 2015 में अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
फिर जैक डॉर्सी ने संभाली कुर्सी
कोस्टोलो के बाद ट्विटर CEO का पद जैक डॉर्सी ने संभाला। कंपनी के CEO के रूप में डॉर्सी का दूसरा कार्यकाल विवादों से भरा रहा। कंपनी की मॉडरेशन नीतियों से निपटने के उनके तरीकों की आलोचना हुई थी। वर्ष 2022 में डोर्सी CEO पद से हट गए। अभी डोर्सी ट्विटर के विकल्प ब्लूस्काई पर भी काम कर रहे हैं। डॉर्सी ने पहले भी वर्ष 2006 से 2008 तक ट्विटर के CEO के रूप में काम किया था।
एलन मस्क ने किया था पराग अग्रवाल को बाहर
डॉर्सी के हटने के बाद चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CTO) के पद पर काम करने वाले पराग अग्रवाल को कंपनी का CEO बनाया गया। पराग 2011 में ट्विटर से जुड़े थे और 2017 में उन्हें CTO बनाया गया। पराग ने कैरेक्टर लिमिट को 280 तक करने और लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग फीचर जैसे फीचर लाने में भूमिका निभाई। CEO के रूप में उनका कार्यकाल बहुत कम रहा। मस्क ने ट्विटर को खरीदने के बाद पराग को कंपनी से निकाल दिया था।
5वें CEO के तौर पर काम रहे हैं मस्क
वर्तमान में एलन मस्क ट्विटर के 5वें CEO के रूप में कार्य कर रहे हैं। मस्क कई बार ये संकेत देते रहे हैं कि वो ट्विटर का CEO नहीं बना रहना चाहते हैं और उन्हें लंबे समय से एक नए CEO की तलाश है। अब उनके ट्वीट के मुताबिक आखिरकार उनकी CEO की तलाश पूरी हो गई है। उनके ट्वीट से एक बात साफ हो गई है कि ट्विटर के नए CEO की कमान महिला के हाथ में होगी।