महंगी गैस रिफिल से बचाएगा 5 मिनट का ये आसान फ्रिज टेस्ट
क्या है खबर?
गर्मी के दिनों में फ्रिज का ठंडा कम करना अक्सर परेशानी बढ़ा देता है। ऐसे में कई लोग तुरंत कंप्रेसर या गैस की समस्या मानकर तकनीशियन बुला लेते हैं और महंगी मरम्मत के लिए तैयार हो जाते हैं, लेकिन हर बार गैस कम होना वजह नहीं होती। दरवाजे पर लगी रबर गैस्केट खराब होने से ठंडी हवा बाहर निकल सकती है और फ्रिज ज्यादा मेहनत करता है। इससे बिजली की खपत बढ़ती है और कूलिंग लगातार कम महसूस होती है।
#1
नोट से ऐसे जांचें फ्रिज की रबर सील
गैस्केट सही है या नहीं, यह घर पर आसानी से जांच सकते हैं।
इसके लिए दरवाजे में 10 या 100 रुपये का नोट इस तरह फंसाएं कि आधा हिस्सा बाहर रहे। अब नोट को बाहर खींचें। अगर नोट बहुत आसानी से निकल जाए तो सील कमजोर हो सकती है।
यह जांच दरवाजे के अलग-अलग हिस्सों, खासकर कोनों और नीचे के किनारे पर करें। रबर में दरार, ढीलापन, नमी या लगातार चलते कंप्रेसर जैसे संकेत भी ध्यान से देखें।
#2
गैस्केट गंदी हो तो पहले करें सफाई
कई बार गैस्केट खराब नहीं, बल्कि गंदगी के कारण ठीक से चिपक नहीं पाती।
दरवाजे की रबर पर धूल, तेल या खाने के छोटे टुकड़े जमा हों तो उन्हें गर्म पानी और हल्के साबुन से साफ करें। सफाई के बाद गैस्केट को अच्छी तरह सुखाएं और उसकी पकड़ जांचें।
अगर रबर सख्त, फटी या बहुत ढीली हो चुकी है, तो उसे बदलना बेहतर है। केवल साफ करने से ऐसी खराब सील लंबे समय तक ठीक नहीं होगी।
#3
गैस रिफिल से पहले बदलें खराब गैस्केट
अगर गैस्केट टूट चुकी है या लगातार ढीली रहती है, तो उसे बदलवाना बेहतर विकल्प है।
सामान्य गैस्केट किट मॉडल के हिसाब से लगभग 400-1,200 रुपये में मिल सकती है। वहीं गैस रिफिल में कई हजार रुपये खर्च हो सकते हैं। इसलिए कूलिंग कम होने पर तुरंत गैस भरवाने के बजाय पहले दरवाजे की सील जांचें।
सही गैस्केट लगाने से ठंडी हवा अंदर बनी रहती है, कंप्रेसर पर दबाव घटता है और बिजली की बचत भी हो सकती है।