Page Loader
ISS बंद करने की मस्क की राय से सुनीता विलियम्स असहमत, कहा- अभी सही समय नहीं
ISS बंद करने की मस्क की राय से विलियम्स असहमत

ISS बंद करने की मस्क की राय से सुनीता विलियम्स असहमत, कहा- अभी सही समय नहीं

Mar 06, 2025
12:03 pm

क्या है खबर?

नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने एलन मस्क के उस सुझाव का विरोध किया, जिसमें उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) को जल्द बंद करने की बात कही थी। विलियम्स ने ISS से पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि यह स्टेशन अभी भी महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रयोगों के लिए उपयोगी है और इसे 2030 तक चालू रखना चाहिए। नासा पहले से ही दशक के अंत तक ISS को नियंत्रित तरीके से प्रशांत महासागर में गिराने की योजना बना रही है।

बयान

विलियम्स ने क्या कहा?

विलियम्स का कहना है कि ISS पूरी तरह से काम कर रहा है और अपनी अधिकतम क्षमता पर है। उन्होंने कहा कि स्टेशन के सभी सिस्टम ठीक से चल रहे हैं और यह वैज्ञानिक शोध के लिए बेहद मूल्यवान है। उन्होंने यह भी कहा कि ISS का अधिकतम लाभ उठाना चाहिए, क्योंकि यह करदाताओं और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के लिए उपयोगी है। उनके अनुसार, यह एक विश्व स्तरीय प्रयोगशाला है, जो वैज्ञानिक खोजों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

विचार

मस्क का ISS पर अलग विचार

स्पेस-X के CEO मस्क का मानना है कि ISS का वैज्ञानिक उपयोग अब सीमित हो गया है और इसे जल्द से जल्द बंद कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगले 2 वर्षों में इसे कक्षा से हटा देना चाहिए ताकि भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों पर ध्यान दिया जा सके। ISS को 1998 में लॉन्च किया गया था और अब इसकी स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि यह कितने समय तक सुरक्षित रूप से काम कर सकता है।