Page Loader
सूर्य ग्रहण 2023: जानिए कब, कहां और कैसे देख सकेंगे यह खगोलीय घटना 
ग्रहण के दौरान चंद्रमा सूर्य की सतह का 91 प्रतिशत हिस्सा ढक लेगा (तस्वीर: अनस्प्लैश)

सूर्य ग्रहण 2023: जानिए कब, कहां और कैसे देख सकेंगे यह खगोलीय घटना 

Aug 14, 2023
05:24 pm

क्या है खबर?

साल 2023 खगोलीय घटनाओं में रुचि रखने वाले लोगों के लिए अब तक काफी खास रहा है और आगे भी खास रहेगा। इस साल अक्टूबर महीने में एक वलयाकार सूर्य ग्रहण देखने को मिलेगा। यह सूर्य ग्रहण 14 अक्टूबर, 2023 को अमेरिका के 8 राज्यों में दिखाई देगा और ऐसा पहली बार है, जब यह खगोलीय घटना उत्तरी अमेरिका में देखी जाएगी। उत्तर, मध्य और दक्षिण अमेरिका में यह आंशिक सूर्य ग्रहण लगभग 3 घंटे तक दिखाई देगा।

सूर्य

91 प्रतिशत ढक जाएगा सूर्य

नासा के अनुसार, सूर्य ग्रहण तब होता है, जब चंद्रमा सूर्य और पृथ्वी के बीच से गुजरता है, जिससे पृथ्वी पर छाया पड़ती है जो कुछ क्षेत्रों में सूर्य के प्रकाश को अवरुद्ध कर देती है। इस ग्रहण के दौरान चंद्रमा सूर्य की सतह का 91 प्रतिशत हिस्सा ढक लेगा और लोगों को आकाश में किसी आग के छल्ले जैसा सूर्य नजर आएगा। इस सूर्य ग्रहण का सबसे लंबा प्रदर्शन टेक्सास तट पर पाद्रे द्वीप से दिखाई देगा।

कैसे देखें

भारत में नहीं दिखाई देगा यह सूर्य ग्रहण

इस घटना को देखने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सूर्य ग्रहण चश्मा पहनने की आवश्यकता होगी, ताकि आंखों को कोई नुकसान न हो। 14 अक्टूबर को दिखने वाला सूर्य ग्रहण भारत में नहीं दिखाई देगा। हालांकि, अगर आपकी रुचि ऐसी खगोलीय घटनाओं को देखने में है तो आप इसे ऑनलाइन माध्यम से लाइव देख सकते हैं। सैन फ्रांसिस्को के एक्सप्लोरेटोरियम और टाइम एंड डेट वेबसाइट ने इस सूर्य ग्रहण का लाइव प्रसारण करने की पुष्टि की है।