
शुभांशु शुक्ला ने ISRO प्रमुख से की बातचीत, बताया ISS पर क्या हो रहा
क्या है खबर?
एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) पर मौजूद भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अध्यक्ष वी. नारायणन से फोन पर बातचीत की। ISRO प्रमुख ने उनकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में अंतरिक्ष एजेंसी के प्रयासों की सराहना की और पूरी टीम के प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया। इसके साथ ही उन्होंने एक्सिओम-4 मिशन के चालक दल द्वारा किए जा रहे वैज्ञानिक प्रयोगों के बारे में भी जानकारी ली।
बातचीत
क्या हुई दोनों के बीच बातचीत?
भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि यह फोन कॉल 6 जुलाई की दोपहर को हुआ था। इस बातचीत में ISRO प्रमुख ने शुभांशु शुक्ला का हालचाल पूछा और यह जानना चाहा कि ISS पर कौन-कौन से वैज्ञानिक प्रयोग और गतिविधियां चल रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पृथ्वी पर लौटने के बाद उन्हें सभी प्रयोगों और अनुभवों को विस्तार से दस्तावेज के रूप में तैयार करना चाहिए, ताकि भारत के मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान के लिए जानकारियां मिल सकें।
गगनयान
गगनयान के लिए महत्वपूर्ण है शुक्ला का मिशन
शुक्ला और नारायणन के बीच चर्चा में ISRO के शीर्ष अधिकारियों ने भाग लिया। इनमें विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (VSSC) के निदेशक और मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए कार्यक्रम प्रबंधन परिषद के अध्यक्ष डॉ. उन्नीकृष्णन नायर भी शामिल थे। भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि गगनयान मिशन का उद्देश्य भारत की यह क्षमता साबित करना है कि वह अपने दम पर इंसानों को पृथ्वी की निचली कक्षा में भेज सकता है और इसमें शुक्ला का यह मिशन मददगार साबित होगा।