Page Loader
आज पृथ्वी के करीब से गुजरेगा एस्ट्रोयड 2023 PD1, अलर्ट पर नासा
एस्ट्रोयड 2023 PD1 का आकार लगभग 95 फीट चौड़ा है (प्रतीकात्मक तस्वीर: पिक्साबे)

आज पृथ्वी के करीब से गुजरेगा एस्ट्रोयड 2023 PD1, अलर्ट पर नासा

Aug 18, 2023
10:08 am

क्या है खबर?

अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने एक बड़े एस्ट्रोयड को लेकर अलर्ट जारी किया है, जो आज (18 अगस्त) पृथ्वी के काफी करीब से गुजर सकता है। नासा के सेंटर फॉर नियर-अर्थ ऑब्जेक्ट स्टडीज (CNEOS) के अनुसार, एस्ट्रोयड 2023 PD1 वर्तमान में लगभग 42,136 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पृथ्वी की तरफ बढ़ रहा है। आज लगभग 58.80 लाख किलोमीटर की दूरी पर इसके हमारे ग्रह के काफी करीब पहुंचने की संभावना है।

आकार

एस्ट्रोयड 2023 PD1 का आकार 

अंतरिक्ष एजेंसी के अनुसार, एस्ट्रोयड 2023 PD1 का आकार किसी विमान के समान लगभग 95 फीट चौड़ा है और यह एस्ट्रोयड्स के अमोर समूह से संबंधित है। बता दें कि एस्ट्रोयड्स पर नजर रखने के लिए नासा पृथ्वी पर और अंतरिक्ष में मौजूद अपने विभिन्न टेलीस्कोपों की मदद लेती है। जब कोई एस्ट्रोयड पृथ्वी के 80 लाख किलोमीटर के क्षेत्र में आता है, तब नासा खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी करती है।

तथ्य

एस्ट्रोयड से जुड़े तथ्य

एस्ट्रोयड के बारे में अध्ययन कर वैज्ञानिक ग्रहों और सौरमंडल के बनने के समय मौजूद स्थितियों के बारे में जानकारी इकट्ठा करते हैं। ज्यादातर एस्ट्रोयड बृहस्पति और मंगल ग्रह की कक्षा के बीच स्थित एस्ट्रोयड बेल्ट में पाए जाते हैं। ये लोहे और निकल जैसे धातुओं से बने होते हैं। नासा की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, अब तक 13 लाख से अधिक एस्ट्रोयड्स को खोजा जा चुका है, जिनमें से कुछ का आकार किसी क्रिकेट के मैदान जितना बड़ा है।