आर्टेमिस II मिशन: लॉन्च के बाद अंतरिक्ष यान का शौचालय खराब, अब हो गया समाधान
क्या है खबर?
नासा ने आज अपने आर्टेमिस II अंतरिक्ष मिशन को लॉन्च किया है। इस मिशन के तहत चार अंतरिक्ष यात्री चांद के करीब जा रहे हैं। मिशन लॉन्च होने के कुछ देर बाद अंतरिक्ष यात्रियों के सामने एक चुनौतीपूर्ण स्थिति तब बन गई जब अंतरिक्ष यान के शौचालय में समस्या आ गई। शुरुआती जानकारी में सामने आया कि टॉयलेट सिस्टम के एक हिस्से में खराबी आ गई थी, जिससे उसका पूरा इस्तेमाल करना संभव नहीं हो पा रहा था।
समस्या
शौचालय सिस्टम में आई थी यह दिक्कत
ओरियन अंतरिक्ष यान में लगे टॉयलेट के यूरिन सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी आई थी। बताया गया कि इसमें लगा फैन सही तरीके से काम नहीं कर रहा था, जिससे पेशाब करने की सुविधा प्रभावित हो गई। हालांकि, ठोस अपशिष्ट के लिए सिस्टम काम करता रहा। इस दौरान अंतरिक्ष यात्रियों को बैकअप व्यवस्था का इस्तेमाल करना पड़ा, जिससे मिशन बिना किसी बड़े रुकावट के आगे बढ़ता रहा और सुरक्षा बनी रही।
समाधान
इंजीनियरों ने तुरंत समस्या को किया ठीक
मिशन कंट्रोल की टीम ने तुरंत इस समस्या पर काम शुरू किया और अंतरिक्ष यात्रियों को इसे ठीक करने के निर्देश दिए। कुछ समय की कोशिश के बाद टॉयलेट सिस्टम को सफलतापूर्वक ठीक कर लिया गया। इसके बाद अंतरिक्ष यात्रियों ने बताया कि अब शौचालय पूरी तरह से सही तरीके से काम कर रहा है। इस सुधार से क्रू को बड़ी राहत मिली और मिशन की सामान्य गतिविधियां फिर से सुचारू रूप से शुरू हो गईं।
समस्या
नई सुविधा में आई समस्या
ओरियन कैप्सूल में दिया गया यह टॉयलेट सिस्टम पहले के अपोलो मिशनों से काफी बेहतर और आधुनिक है, जहां अंतरिक्ष यात्रियों को साधारण बैग का इस्तेमाल करना पड़ता था। हालांकि इस नई सुविधा में आई छोटी समस्या ने यह दिखाया कि अंतरिक्ष मिशनों में हर तकनीक को पूरी तरह परखना जरूरी है। अब सिस्टम ठीक होने के बाद मिशन सामान्य रूप से आगे बढ़ रहा है और अंतरिक्ष यात्री अपने काम पर ध्यान दे रहे हैं।