Page Loader
एलन मस्क 2026 तक मंगल पर भेजना चाहते हैं स्टारशिप, बताया कितने प्रतिशत है संभावना
मस्क 2026 तक मंगल पर भेजना चाहते हैं स्टारशिप

एलन मस्क 2026 तक मंगल पर भेजना चाहते हैं स्टारशिप, बताया कितने प्रतिशत है संभावना

May 30, 2025
01:26 pm

क्या है खबर?

अंतरिक्ष कंपनी स्पेस-X के संस्थापक एलन मस्क ने कहा है कि 2026 के अंत तक उनका स्टारशिप यान बिना किसी इंसान के मंगल तक पहुंच सकता है। उन्होंने बताया कि इसके 50 प्रतिशत संभावना हैं कि यह मिशन तय समय में पूरा हो जाएगा। यह बयान हाल ही में हुई परीक्षण उड़ान की विफलता के 2 दिन बाद आया है। मस्क ने कहा कि मिशन की सफलता ऑर्बिट में ईंधन भरने की प्रक्रिया जैसी कई तकनीकी चुनौतियों पर निर्भर करेगी।

भरोसा 

नए मिशन की तैयारियों पर मस्क का भरोसा 

मस्क ने बताया कि टेक्सास स्थित स्टारबेस नामक लॉन्च साइट मंगल ग्रह पर पहुंचने की तैयारी का केंद्र है। उनका मानना है कि यह वही जगह है, जहां से मानव सभ्यता को मंगल तक ले जाने वाली तकनीक विकसित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर 2026 में यान तैयार नहीं होता, तो 2 साल बाद फिर से प्रयास किया जाएगा। मंगल पर पहली उड़ान में इंसान जैसे रोबोट भेजे जाएंगे, उसके बाद असली मानव मिशन की योजना है।

 समयसीमा 

अब तक कई बार समयसीमा चूकी गई 

मस्क ने 2016 में दावा किया था कि 2018 तक पहला मानवरहित मिशन भेजा जाएगा और 2024 तक इंसानों को भी, लेकिन अब तक यह संभव नहीं हो पाया है। इस सप्ताह की विफलता के बाद यह योजना फिर सवालों में है। मंगलवार को स्टारशिप की नौवीं परीक्षण उड़ान लॉन्च के 30 मिनट बाद असफल रही। रॉकेट कंट्रोल से बाहर हो गया और निर्धारित दूरी से पहले ही टूट गया, जिससे जरूरी तकनीकी परीक्षण पूरे नहीं हो सके।

प्रयास

मस्क का जारी रहेगा प्रयास

इस असफल उड़ान के बाद मस्क ने सोशल मीडिया पर कहा कि परीक्षण से उपयोगी डाटा मिला है और भविष्य में और तेजी से लॉन्च किए जाएंगे। जनवरी और मार्च में भी इसी तरह की असफलताएं हुई थीं। मस्क की योजना है कि भविष्य में इसी यान के जरिए मंगल पर बस्ती बसाई जाए। नासा के साथ मिलकर 2027 में इंसानों को चंद्रमा पर फिर भेजने की भी तैयारी चल रही है, जो मंगल मिशन की नींव रखेगा।