Page Loader
इस साल पृथ्वी पर आएंगे और अधिक सौर तूफान, जानिए क्या है खतरा
आने वाले दिनों में हमें अंतरिक्ष मौसम में हलचल देखने को मिलेगा (तस्वीर: NOAA)

इस साल पृथ्वी पर आएंगे और अधिक सौर तूफान, जानिए क्या है खतरा

Apr 08, 2023
11:37 am

क्या है खबर?

इस साल की शुरुआत से ही हमारे ग्रह को खराब अंतरिक्ष मौसम का सामना करना पड़ा है। बीते कुछ दिनों में पृथ्वी को कई X-श्रेणी सोलर फ्लेयर विस्फोट, एक G4-श्रेणी और कई G3-श्रेणी सौर तूफानों और सौर हवाओं के हमले से नुकसान हुआ है। नेशनल ओसियन एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (NOAA) ने खुलासा किया है कि आज (8 अप्रैल) अंतरिक्ष मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है, लेकिन आने वाले दिनों में हमें हलचल देखने को मिलेगा।

वजह

2023 में क्यों आ सकते हैं अधिक सौर तूफान? 

नेशनल सेंटर फॉर एटमॉस्फेरिक रिसर्च के डिप्टी डायरेक्टर स्कॉट मैकिन्टोश ने कल सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि 2021 के बाद से सौर हलचल का स्तर आसमान छू गया है। 2022 में सबसे अधिक बार सौर मौसम में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया और अब 2024-25 के बीच सौर चक्र 25 के शिखर पर रहने की उम्मीद है। इस कारण से 2023 और आने वाले सालों में विनाशकारी G5-श्रेणी का सौर तूफान निश्चित रूप से पृथ्वी को प्रभावित कर सकता है।

खतरा

सौर तूफान से खतरा 

वैज्ञानिकों ने सौर तूफान को G1 से लेकर G5 तक कुल 5 श्रेणियों में बांटा है। G1 श्रेणी का सौर तूफान सबसे हल्का और G5 श्रेणी का सबसे तीव्र होता है। सौर तूफान सैटेलाइटों को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं और मोबाइल नेटवर्क, इंटरनेट और GPS सेवाओं को बाधित कर सकते हैं। अत्यधिक शक्तिशाली होने पर ये पावर ग्रिड और पृथ्वी आधारित संवेदनशील इलेक्ट्रॉनिक्स को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं।