Page Loader
भारत जल्द विकसित करेगा अपना AI मॉडल, केंद्रीय मंत्री ने किया ऐलान 
भारत अपना AI मॉडल विकसित करेगा (तस्वीर: फ्रीपिक)

भारत जल्द विकसित करेगा अपना AI मॉडल, केंद्रीय मंत्री ने किया ऐलान 

Jan 30, 2025
01:49 pm

क्या है खबर?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में बढ़ती दौड़ में शामिल होने के लिए अब भारत ने भी तैयारी कर ली है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने OpenAI के ChatGPT और चीन के डीपसीक की तरह स्वदेसी जेनरेटिव AI मॉडल विकसित करने की घोषणा की है। उत्कर्ष ओडिशा कॉन्क्लेव में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह पहल भारत AI कंप्यूट सुविधा द्वारा संचालित होगी और इस मॉडल को इसी साल लॉन्च किया जाएगा।

कब 

कब तक तैयार होगा AI मॉडल?

अश्विनी वैष्णव ने बताया कि भारत में 6 ऐसे बड़े डेवलपर्स हैं, जो अधिक से अधिक 6-8 महीनों में AI मॉडल बना सकते हैं। केंद्रीय मंत्री ने यह भी ऐलान किया कि भारत अपना फाउंडेशन AI मॉडल तैयार करेगा। भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता को ध्यान में रखते हुए इसके डाटासेट को तैयार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि AI मॉडल बनाने के इच्छुक डेवलपर्स अपने प्रस्ताव दायर कर सकते हैं।

निगरानी 

AI की निगरानी के लिए स्थापित होगा संस्थान 

जिम्मेदार AI विकास सुनिश्चित करने के लिए भारत एक AI सुरक्षा संस्थान भी स्थापित करेगा। अन्य देशों के विपरीत, जहां AI नियामक निकाय एक ही संस्थान के भीतर काम करते हैं। भारत एक हब-एंड-स्पोक मॉडल अपनाएगा, जिससे कई संस्थानों को सहयोग करने और सुरक्षा उपकरण और ढांचे प्रदान करने की अनुमति मिलेगी। केंद्रीय मंत्री ने सरकार की ओर से शुरू किए इंडिया AI कंप्यूट फैसिलिटी को भी इसमें अहम बताया है, जिसने लगभग 19,000 GPU हासिल कर लिए हैं।