गूगल क्लाउड हुआ डाउन, बैंकिंग सेवाओं से लेकर डिलीवरी तक प्रभावित
क्या है खबर?
टेक दिग्गज कंपनी गूगल की क्लाउड सेवा गूगल क्लाउड आउटेज की समस्या का सामना कर रही है। इस समस्या के कारण ब्रिटेन में बड़े स्तर पर यूजर्स प्रभावित हुए हैं। कई लोकप्रिय वेबसाइट और मोबाइल ऐप ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। इसका असर लॉयड्स बैंक, HSBC, स्क्रूफिक्स और DPD जैसी सेवाओं पर पड़ा है। डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, ऑनलाइन बैंक रेवोलट के यूजर्स को भी अकाउंट खोलने और भुगतान करने में परेशानी हो रही है।
समस्या
पश्चिमी यूरोप में गूगल की सेवाओं में दिक्कत
गूगल ने अपनी सेवा संबंधी वेबसाइट पर पुष्टि की है कि पश्चिमी यूरोप में उसकी सुविधाओं से जुड़ी तकनीकी समस्या सामने आई है।
कंपनी के मुताबिक, इस खराबी के कारण कई सेवाएं प्रभावित हुई हैं। गूगल ने परेशानी झेल रहे यूजर्स से माफी भी मांगी है। हालांकि, कंपनी ने शुरुआत में समस्या को तुरंत ठीक करने का कोई पक्का उपाय नहीं बताया है।
इस कारण प्रभावित सेवाओं को सामान्य होने में समय लग सकता है।
वजह
एक खराबी से कई वेबसाइट और ऐप क्यों होते हैं प्रभावित?
गूगल क्लाउड जैसी कंपनियां दूसरी कंपनियों को वेबसाइट और ऐप चलाने के लिए जरूरी तकनीकी सुविधाएं देती हैं।
इनमें आंकड़े सुरक्षित रखने, नेटवर्क चलाने और इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था शामिल है। जब ऐसी किसी कंपनी के सिस्टम में खराबी आती है, तो उस पर निर्भर कई सेवाएं एक साथ प्रभावित हो सकती हैं।
इसी वजह से अलग-अलग वेबसाइट और ऐप में परेशानी दिखाई देती है, जबकि समस्या की असली वजह एक ही होती है।