गूगल प्ले पर आया नकली व्हाट्सऐप, 5 लाख से ज्यादा बार हुई डाउनलोड
टेक्नोलॉजी
गूगल प्ले स्टोर पर एक नकली व्हाट्सऐप मैसेंजर को चुपचाप 5 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है, जबकि यह ऐप असली वाले से बिल्कुल अलग है।
रेडिट के एक यूजर ने इसकी पहचान की है। यह नकली ऐप देखने में बिल्कुल असली व्हाट्सऐप जैसा लगती है। इसका आइकन और स्क्रीनशॉट भी असली ऐप जैसे ही हैं।
इसकी लिस्टिंग का टेक्स्ट भी असली ऐप से काफी मिलता-जुलता है। ऐसे में आम यूजर्स के लिए यह समझ पाना मुश्किल हो जाता है कि सामने वाला ऐप असली है या नकली। यह अभी भी डाउनलोड के लिए मौजूद है और गूगल ने अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की है।
असली ऐप के हैं 10 अरब से ज्यादा डाउनलोड
असली व्हाट्सऐप को व्हाट्सऐप LLC ने बनाया है। इसे गूगल प्ले पर 'एडिटर्स चॉइस' का बैज भी मिला हुआ है। इसके 10 अरब से ज्यादा डाउनलोड हो चुके हैं, जो नकली ऐप के मुकाबले बहुत बड़ा अंतर है।