एलन मस्क की पूर्व प्रेमिका नीलाम कर रही है प्राइवेट फोटो, जन्मदिन का कार्ड और उपहार
क्या है खबर?
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क की पूर्व प्रेमिका जेनिफर ग्वेने ने अपने रिश्ते की कुछ यादगार चीजों को बेचने का फैसला लिया है।
ग्वेने ने 1994 में पेन्सिलवेनिया विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान मस्क को डेट किया था।
अब उन यादगार चीजों को मस्क की पूर्व प्रेमिका ग्वेने बोस्टन की कंपनी RR ऑक्शन के माध्यम से नीलाम कर रही हैं।
इन यादगार चीजों में एक जन्मदिन का कार्ड, एक सोने का हार और 18 तस्वीरें शामिल हैं।
दावा
28 साल पहले इलेक्ट्रिक कारों की कल्पना करते थे मस्क- ग्वेने
मस्क और ग्वेने के प्रेम प्रसंग की शुरूआत तब हुई, जब दोनों 1994 में पेन्सिलवेनिया विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे थे।
उस समय वे कॉलेज छात्रावास के "स्प्रूस स्ट्रीट" विभाग में रहते थे और निवासी सलाहकार के रूप में काम करते थे।
ग्वेने ने अपने सौतेले बेटे की कॉलेज ट्यूशन फीस के लिए पैसे जुटाने के लिए इन चीजों को बेचने का फैसला किया है।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि डेटिंग के दौरान मस्क इलेक्ट्रिक कारों की कल्पना करते थे।
तस्वीरें
मस्क की 18 तस्वीरें होंगी नीलाम
नीलामी के लिए मस्क की जो 18 तस्वीरें हैं, वे तब की हैं जब वह ग्वेने को डेट कर रहे थे।
इन तस्वीरों में से एक तस्वीर $1,355 (करीब 1.10 लाख रुपये) की बोली लगी है, जिसमें मस्क एक कमरे में कंप्यूटर पर टाइप करते हुए दिख रहे हैं।
नीलामी के लिए मस्क की कई तस्वीरें शामिल हैं, जिनमें मस्क ग्वेने के साथ मस्ती करते, दोस्तों के साथ घूमते, किसी कार्यक्रम में शामिल होते नजर आ रहे हैं।
बोली
जन्मदिन के कार्ड के लिए लगभग आठ लाख रुपये की बोली
ग्वेने ने मस्क के हस्ताक्षर वाले जन्मदिन के कार्ड की भी नीलामी की है, जिसमें "जन्मदिन मुबारक हो, जेनिफर (उर्फ, बू-बू), लव, एलन" लिखा है। इस कार्ड की मौजूदा बोली 10,001 डॉलर (लगभग आठ लाख रुपये) है।
इसके अलावा मस्क ने ग्वेने के जन्मदिन पर सोने का एक हार गिफ्ट किया था, जिसमें मस्क के पिता के स्वामित्व वाली खदान का एक पन्ना भी जड़ा है। इस हार के लिए 5,999 डॉलर (लगभग 4.8 लाख रुपये) की बोली लगी है।
न्यूजबाइट्स प्लस
मशहूर हस्तियों से जुड़े सामान बेचने के लिए मशहूर है RR ऑक्शन
RR ऑक्शन कंपनी मशहूर हस्तियों से जुड़े सामान बेचने के लिए मशहूर है। स्टीव जॉब्स के पहले ऐपल 1 प्रोटोटाइप की भी इसकी वेबसाइट पर नीलामी की गई थी।
मस्क इस दुनिया में सबसे प्रसिद्ध लोगों में से एक हैं, जिनकी लव लाइफ हमेशा चर्चा व सवालों का विषय बनी रही है।
इसलिए इन यादगार चीजों की नीलामी ने बहुत से लोगों को उत्साहित किया है, जो मस्क से जुड़े इतिहास को सहज कर रखना चाहते हैं।