Page Loader
आज पृथ्वी के करीब से गुजरेगा 87 फीट चौड़ा एस्ट्रोयड, अलर्ट पर नासा
एस्ट्रोयड 2023 GF2 का आकार लगभग 87 फीट चौड़ा है (प्रतीकात्मक तस्वीर: नासा)

आज पृथ्वी के करीब से गुजरेगा 87 फीट चौड़ा एस्ट्रोयड, अलर्ट पर नासा

Apr 30, 2023
09:40 am

क्या है खबर?

एस्ट्रोयड बेल्ट से रास्ता भटक कर एक एस्ट्रोयड काफी तेजी से पृथ्वी की तरफ आ रहा है, जिसे लेकर अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने अलर्ट जारी किया है। एस्ट्रोयड 2023 GF2 नामक एस्ट्रोयड फिलहाल 17,235 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पृथ्वी की ओर बढ़ रहा है। नासा के अनुसार, एस्ट्रोयड का आकार किसी छोटे विमान के समान लगभग 87 फीट चौड़ा है। आज (30 अप्रैल) को यह एस्ट्रोयड 43 लाख किलोमीटर की दूरी पर पृथ्वी के काफी करीब पहुंच जाएगा।

खोज

इसी महीने खोजा गया एस्ट्रोयड 2023 GF2 

वैज्ञानिकों ने एस्ट्रोयड 2023 GF2 को हाल ही में 14 अप्रैल, 2023 को खोजा है। यह एस्ट्रोयड के अपोलो ग्रुप से संबंधित है और 566 दिनों में यह सूर्य के चारों ओर एक चक्कर लगाता है। बता दें कि नासा अंतरिक्ष और पृथ्वी पर मौजूद अपने विभिन्न टेलीस्कोपों की मदद से एस्ट्रोयड्स पर नजर रखती है। जब कोई एस्ट्रोयड पृथ्वी के 80 लाख किलोमीटर के क्षेत्र में आता है, तब नासा संभावित खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी करती है।