LOADING...
आर्टेमिस II मिशन: अंतरिक्ष में आउटलुक हुआ बंद, नासा ने कुछ देर में ठीक किया सिस्टम
अंतरिक्ष में आउटलुक हुआ बंद

आर्टेमिस II मिशन: अंतरिक्ष में आउटलुक हुआ बंद, नासा ने कुछ देर में ठीक किया सिस्टम

Apr 03, 2026
12:23 pm

क्या है खबर?

अंतरिक्ष एजेंसी नासा का आर्टेमिस II मिशन चांद की ओर तेजी से बढ़ रहा है। ओरियन अंतरिक्ष यान में सवार होकर अंतरिक्ष यात्री 10 दिनों के लिए इस खास मिशन पर जा रहे हैं। हालांकि, लॉन्च के कुछ ही समय बाद उन्हें कुछ तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा है। पहले अंतरिक्ष यान के टॉयलेट में दिक्कत आई, जिसे बाद में ठीक कर लिया गया और फिर उन्हें माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक से जुड़ी समस्या का सामना करना पड़ा।

समस्या

ईमेल सिस्टम ने अंतरिक्ष में किया काम बंद

मिशन के दौरान कमांडर रीड वाइसमैन ने बताया कि उनके सिस्टम में माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक काम नहीं कर रहा था। उन्होंने कहा कि उनके डिवाइस में मौजूद दोनों आउटलुक एप्लिकेशन बंद हो गए थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत पृथ्वी पर मौजूद मिशन कंट्रोल से मदद मांगी। यह समस्या उस समय सामने आई जब अंतरिक्ष यान पृथ्वी की कक्षा में पहुंच चुका था और सभी सिस्टम सामान्य रूप से काम कर रहे थे।

समाधान

मिशन कंट्रोल ने दूर से ठीक की समस्या

नासा की टीम ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए रिमोट एक्सेस के जरिए सिस्टम को ठीक किया है। मिशन कंट्रोल ने डिवाइस को जांचकर आउटलुक को दोबारा चालू किया, हालांकि वह ऑफलाइन मोड में ही काम करता रहा है। यह साफ नहीं हो पाया कि अंतरिक्ष यात्रियों को ईमेल की कितनी जरूरत थी, लेकिन यह घटना दिखाती है कि अंतरिक्ष में भी तकनीकी दिक्कतें सामने आ सकती हैं।

Advertisement

चर्चा

सोशल मीडिया पर बने मीम्स और चर्चा

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने मजाकिया प्रतिक्रिया दी और कई मीम्स भी शेयर किए। कुछ यूजर्स ने कहा कि इतने बड़े मिशन में आउटलुक जैसे सिस्टम पर निर्भरता अजीब है। इससे पहले भी मिशन के दौरान कुछ तकनीकी दिक्कतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद मिशन अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है और इसे भविष्य के चंद्र अभियानों के लिए अहम माना जा रहा है।

Advertisement