Page Loader
अमेजन इवेंट: कंपनी ने स्मार्ट ग्लास सहित पेश किए ये प्रोडक्ट, अलेक्सा भी हुआ स्मार्ट
अमेजन ने पेश किया फायर टीवी स्टिक मैक्स (तस्वीर: एक्स/@amazon)

अमेजन इवेंट: कंपनी ने स्मार्ट ग्लास सहित पेश किए ये प्रोडक्ट, अलेक्सा भी हुआ स्मार्ट

लेखन रजनीश
Sep 20, 2023
11:28 pm

क्या है खबर?

अमेजन ने 20 सितंबर को आयोजित हुए अपने डिवाइसेज एंड सिस्टम इवेंट में अपनी पुरानी सर्विसेज को अपडेट किया और साथ ही कुछ नए प्रोडक्ट भी पेश किए। कंपनी ने पुरानी प्रोडक्ट लाइनअप को भी अपग्रेड किया है। बड़े बदलावों में अमेजन अलेक्सा में नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नया लैंग्वेज मॉडल दिया गया है। नए प्रोडक्ट में कंपनी ने इको फ्रेम स्मार्ट ग्लासेस की शुरुआत की है। जान लेते हैं कौन-कौन से नए प्रोडक्ट पेश किए गए।

अलेक्सा

अलेक्सा को मिला बड़ा अपडेट

अलेक्सा का रिस्पॉन्स टाइम अब नए लैंग्वेज मॉडल और AI क्षमताओं से लैस होने के बाद 40 प्रतिशत तक तेज हो गया है। नए AI मॉडल के जरिये अलेक्सा अधिक कन्वर्सेशनल हो गया है। अलेक्सा में आई गेज नाम का नया फीचर भी दिया गया है, जो म्यूजिक चलाने और स्मार्ट होम को कंट्रोल जैसे काम करेगा। अमेजन पहले इको के दौर के भी सभी डिवाइसों को जनरेटिव AI आधारित नया अलेक्सा प्रदान करेगी।

फायर

अमेजन ने पेश किया फायर टीवी स्टिक मैक्स

अमेजन ने नई फायर टीवी स्टिक 4K का नया वर्जन लॉन्च किया है। इसमें दिया गया नया प्रोसेसर इसे और तेज बनाता है। लगभग 4,200 रुपये की कीमत वाली इस टीवी स्टिक को आज से प्री-ऑर्डर किया जा सकता है। इसके अलावा कंपनी ने फायर टीवी स्टिक मैक्स भी पेश किया है। इसमें डॉल्बी विजन, HDR, HDR10+ के साथ अटमॉस ऑडियो दिया गया है। इसकी कीमत लगभग 5,000 रुपये रखी गई है।

ग्लास

स्मार्ट ग्लास की हुई शुरुआत

अमेजन ने अपनी अगली पीढ़ी के इको फ्रेम्स और कैरेरा स्मार्ट ग्लास का खुलासा किया है। इनमें एक बेहतर बैटरी दी गई है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 6 घंटे तक लगातार मीडिया प्लेबैक और टॉक टाइम देने का वादा करती है। कनेक्टेड डिवाइसों के बीच ऑडियो को बिना किसी दिक्कत के मूव करने के लिए मल्टीपॉइंट पेयरिंग की सुविधा दी गई है। ये डिवाइस 7 फैशनेबल स्टाइल में आते हैं। इनका प्री-ऑर्डर अभी शुरू नहीं हुआ है।

इमरजेंसी

अलेक्सा इमरजेंसी असिस्ट

अमेजन ने अलेक्सा आधारित डिवाइसों के लिए एक नया पर्सनल सेफ्टी फीचर दिया है। मुसीबत में फंसने पर इसे सिर्फ अलेक्सा कॉल फॉर हेल्प कहकर कॉल की जा सकती है। यह इमरजेंसी असिस्ट यूजर को 24/7 उपलब्ध पेशेवर रूप से प्रशिक्षित एजेंट से जोड़ सकता है। यह आपके घर का पता और दवाओं की जानकारी स्टोर करता है। ऐसे में कॉल के दौरान इन बातों को बताने की जरूरत नहीं होती। इसके लिए यूजर्स को भुगतान करना होगा।

साउंडबार

इको हब और साउंडबार

ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने इको हब की भी घोषणा की है। यह एक वॉल-माउंटेड डिवाइस है। यह अलेक्सा आधारित स्मार्ट होम कंट्रोल पैनल है। इसमें कस्टमाइज किया जा सकने वाला डैशबोर्ड और 8.0 इंच की टचस्क्रीन है। कंपनी ने फायर टीवी के लिए नया फायर टीवी साउंडबार पेश किया है। यह इमर्सिव साउंड, क्रिस्प डायलॉग और बेहतरीन बास के साथ कंटेंट देखने के अनुभव को बेहतर बनाएगा। यह कॉम्पैक्ट डिवाइस ब्लूटूथ से लैस है।