Loading...
चीन की 3 टेक कंपनियों ने एनवीडिया के 30 लाख से ज्यादा चिप्स का दिया ऑर्डर
चीन की कंपनियों ने एनवीडिया के चिप्स का ऑर्डर दिया है

चीन की 3 टेक कंपनियों ने एनवीडिया के 30 लाख से ज्यादा चिप्स का दिया ऑर्डर

Oct 20, 2026
07:40 pm

क्या है खबर?

चीन की बड़ी तकनीकी कंपनियां बाइटडांस, अलीबाबा और टेनसेंट ने अमेरिकी कंपनी एनवीडिया के 30 लाख से ज्यादा ग्राफिक्स कार्ड का ऑर्डर दिया है। रॉयटर्स के मुताबिक, इन ऑर्डर की कुल कीमत 35 अरब डॉलर (लगभग 3,300 अरब रुपये) से अधिक बताई गई है। ये कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े कामों के लिए इन चिप्स का इस्तेमाल करना चाहती हैं। चीन पर अमेरिकी निर्यात पाबंदियों के बीच इन चिप्स की मांग तेजी से बढ़ी है।

सप्लाई

सप्लाई पूरी करना मुश्किल

रिपोर्ट के मुताबिक, एनवीडिया ने ग्राहकों और साझेदारों को बताया है कि वह सभी ऑर्डर पूरे करने की गारंटी नहीं दे सकती। कंपनी ने संकेत दिया है कि ग्राहकों को मांगी गई संख्या का केवल 5 से 10 प्रतिशत हिस्सा ही मिल सकता है।

रिपोर्ट के अनुसार, चीन से इन ग्राफिक्स कार्ड के 60 लाख से ज्यादा ऑर्डर मिलने का दावा है। हालांकि, कंपनी ने आधिकारिक तौर पर कुल ऑर्डर की पुष्टि नहीं की है।

मांग

अमेरिकी पाबंदियों के बीच क्यों बढ़ी मांग?

अमेरिका ने चीन को एनवीडिया के सबसे शक्तिशाली AI चिप बेचने पर रोक लगा रखी है।

ऐसे में RTX PRO 5500 चीन की कंपनियों के लिए एक विकल्प बनकर उभरा है। यह चिप बड़े डेटा सेंटर में इस्तेमाल होने वाले सबसे शक्तिशाली प्रोसेसर से कमजोर है, लेकिन AI के मॉडल से जवाब तैयार करने जैसे कामों में उपयोगी हो सकती है।

रिपोर्ट के अनुसार, चिप की कमी और लगातार जारी पाबंदियों ने इसकी मांग बढ़ाई है।

ADVERTISEMENT

अन्य

एनवीडिया का ध्यान डाटा सेंटर चिप्स पर भी

एनवीडिया भविष्य में अपने उत्पादन का बड़ा हिस्सा डाटा सेंटर के लिए विकसित नए रुबिन चिप प्लेटफॉर्म को देने की योजना बना रही है।

RTX PRO 5500 के शुरुआती नमूने दिसंबर में मिल सकते हैं, जबकि व्यावसायिक आपूर्ति 2027 की पहली तिमाही में शुरू होने की उम्मीद है। चीन की कंपनी टैनसन टेक्नोलॉजी ने भी 20,000 ऐसे कार्ड खरीदने का समझौता किया है।

हालांकि, कंपनी ने चेताया है कि पाबंदियों और कमी से आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।

ADVERTISEMENT