Loading...
गर्मियों में बंद गीजर सर्दियों में बन सकता है परेशानी, इस्तेमाल से पहले करें ये काम
गर्मियों में बंद पड़ा गीजर सर्दियों में बन सकता है परेशानी

गर्मियों में बंद गीजर सर्दियों में बन सकता है परेशानी, इस्तेमाल से पहले करें ये काम

Oct 12, 2026
09:12 pm

क्या है खबर?

सर्दियों का मौसम शुरू होने वाला है और ऐसे में घरों में लगे इलेक्ट्रिक गीजर का इस्तेमाल बढ़ जाएगा। गर्मियों में लंबे समय तक बंद रहने से गीजर के अंदर गंदगी जम सकती है और उसके कुछ हिस्सों में खराबी आ सकती है। ऐसी दिक्कतें इस्तेमाल बढ़ने पर सामने आती हैं। इसलिए ठंड शुरू होने से पहले गीजर की जांच और सर्विसिंग कराना जरूरी है। इससे बिजली की खपत और अचानक खराब होने की परेशानी कम हो सकती है।

#1

टैंक और हीटिंग वाले हिस्से की सफाई कराएं

कठोर पानी की वजह से गीज़र के टैंक और पानी गर्म करने वाले हिस्से पर सफेद परत जम सकती है।

इससे पानी गर्म होने में ज्यादा समय लगता है और बिजली की खपत भी बढ़ सकती है। पानी गर्म करते समय गड़गड़ाहट की आवाज आए तो इसे नजरअंदाज न करें।

कठोर पानी वाले इलाकों में हर 6 से 12 महीने में सर्विसिंग कराना फायदेमंद है। टैंक की सफाई और अंदरूनी हिस्सों की जांच प्रशिक्षित तकनीशियन से ही करवाएं।

#2

सुरक्षा वाल्व और तापमान का रखें ध्यान

स्टोरेज गीजर में लगी एनोड रॉड टैंक को जंग से बचाने में मदद करती है।

इसे समय पर जांचना और जरूरत पड़ने पर बदलवाना जरूरी है। आमतौर पर 2 से 3 साल में इसे बदलने की जरूरत पड़ सकती है। इसके अलावा, सुरक्षा वाल्व और तापमान नियंत्रित करने वाले हिस्से की जांच भी करवाएं।

गीजर बंद होने के बाद भी पानी लगातार टपकता रहे या गर्म पानी का रंग लाल-भूरा दिखे, तो तकनीशियन से जांच कराएं।

ADVERTISEMENT

#3

बिजली के कनेक्शन और इस्तेमाल में बरतें सावधानी

गीजर के बिजली कनेक्शन, तार और अर्थिंग की जांच जरूर करवाएं। इसके लिए सही 3-पिन कनेक्शन और बिजली का रिसाव रोकने वाला सुरक्षा उपकरण होना चाहिए।

गीजर या नल छूने पर झुनझुनी महसूस हो, तार जले दिखें या बिजली का सुरक्षा स्विच बार-बार बंद हो जाए, तो सप्लाई काटकर तकनीशियन को बुलाएं। पानी गर्म होने के बाद गीजर बंद करना भी अच्छा है।

लंबे समय तक घर से बाहर रहने पर इसकी बिजली सप्लाई बंद रखें।

ADVERTISEMENT