यूसुफ पठान को मिला TMC छोड़ने का तोहफा, गुजरात सरकार ने अतिक्रमण वाली जमीन मुफ्त दी
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) से अलग होने के 2 महीने बाद सांसद यूसुफ पठान को तोहफा मिला है। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, गुजरात सरकार ने पूर्व क्रिकेटर को वो विवादित 978 वर्ग मीटर की जमीन देने का फैसला किया है, जिसके लिए उन्हें 2 साल पहले अतिक्रमण का नोटिस मिला था। यह जमीन वडोदरा नगर निगम (VMC) के अंतर्गत आती है, जिस पर भाजपा सरकार का नियंत्रण है।
तोहफा
VMC का प्रस्ताव पास किया गया
रिपोर्ट के मुताबिक, VMC के भूमि संपदा विभाग का बनाया जमीन आवंटन का प्रस्ताव, सोमवार को सिविक बॉडी की स्टैंडिंग कमिटी के एजेंडा में पास हुआ।
VMC का प्रस्ताव गुजरात सरकार के एक प्रस्ताव पर आधारित है, जिसमें पठान को जमीन देने की मंजूरी थी।
यह प्रस्ताव 13 अगस्त का था, जो 29 अगस्त को VMC के पास पहुंचा, जबकि 2 दिन पहले पठान ने अपने दावे को खारिज करने के खिलाफ गुजरात हाई कोर्ट में अपनी अपील वापस ली।
जमीन
तोहफे में मिला जमीन का 500 वर्ग मीटर हिस्सा
सरकारी प्रस्ताव में कहा गया कि जमीन का 500 वर्ग मीटर हिस्सा पठान को तोहफे में और बाकी 478 वर्ग मीटर हिस्सा 55 प्रतिशत की रियायती दर पर दिया जाएगा।
प्रस्ताव के मुताबिक, इस व्यवस्था को 'एक मिसाल के तौर पर नहीं गिना जाएगा' और राज्य का राजस्व विभाग, सिविक बॉडी द्वारा पठान को ट्रांसफर की गई जमीन की कीमत के बराबर VMC जमीन आवंटित करेगा।
यह जमीन तंडालजा में पठान परिवार के मशहूर सफेद बंगले के पास है।
जमीन
TMC छोड़ने के बाद उपकार?
मामला 2012 का है, जब पठान ने VMC से 99 साल की लीज पर जमीन मांगी थी, जिसे मंजूरी मिल गई, लेकिन 2014 में सरकार ने इसे निरस्त कर दिया।
पठान ने जमीन पर कब्जा कर लिया। उनको नोटिस मिला तो वे हाई कोर्ट चले गए, जहां 2025 में हार के बाद वह सुप्रीम कोर्ट पहुंचे।
इस बीच, 2024 में पठान TMC से सांसद बने। हालांकि, 2026 में TMC से अलग होने के बाद गुजरात सरकार उनके प्रति नरम दिखी।