योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश चुनाव लड़ेगी भाजपा, उत्तराखंड में धामी करेंगे नेतृत्व- रिपोर्ट
क्या है खबर?
एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भाजपा आगामी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड विधानसभा चुनावों में क्रमशः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही लड़ेगी। बताया जा रहा है कि जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। योगी आदित्यनाथ 2017 से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। वहीं, धामी ने 2021 में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था। दोनों राज्यों में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होना है।
रिपोर्ट
समाजवादी पार्टी कर रहे हैं मतभेद का दावा
दरअसल, यह रिपोर्ट ऐसे वक्त सामने आई है, जब समाजवादी पार्टी बार-बार दावा कर रही है कि भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई और दिल्ली स्थित उसके केंद्रीय नेतृत्व के बीच मतभेद हैं।
पहले भी कई रिपोर्टों में दावा किया गया है कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व और आदित्यनाथ के बीच मतभेद हैं। हालांकि, अगर ताजा रिपोर्ट की मानें तो भाजपा 2027 में भी योगी आदित्याथ पर ही भरोसा जता सकती है।
चुनाव
अगले साल 7 राज्यों में विधानसभा चुनाव
अगले साल की शुरुआत में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और पंजाब में विधानसभा चुनाव होना है। वहीं, साल के अंत में गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भी चुनाव होना है।
लोकसभा की सबसे ज्यादा सीटों वाला राज्य होने के नाते उत्तर प्रदेश पर सबकी नजरें रहेंगी। वहीं, पंजाब और गुजरात जैसे राज्यों के चुनाव भी अहम रहेंगे। पंजाब और उत्तर प्रदेश को लेकर अभी से हलचल तेज हो गई है।