लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: कौन है गेनीबेन ठाकोर, जिन्होंने गुजरात में कराई कांग्रेस की वापसी?
लोकसभा चुनाव 2024 में 4 जून का दिन गुजरात में कांग्रेस के लिए बड़ी राहत देने वाला रहा है। राज्य में करीब 10 साल बाद कांग्रेस की वापसी हुई है। राज्य की बनासकांठा लोकसभा सीट से गेनीबेन ठाकोर ने जीत दर्ज कर राज्य में बंद पड़ा कांग्रेस का खाता फिर से खोल दिया। उन्होंने बेहद रोमांचक मुकाबले में आखिरकार भाजपा उम्मीदवार को 30,406 वोटों से हरा दिया। आइए जानते हैं कौन है गेनीबेन और उन्होंने कैसे हासिल की जीत।
गेनीबेन ने उतार-चढ़ाव के बीच दर्ज की जीत
गेनीबेन की जीत के कांग्रेस के लिए कई मायने हैं। इसका कारण है कि 2014 के बाद से यहां कांग्रेस एक जीत को तरस रही थी। मंगलवार को भी मतगणना की शुरुआत में वह भाजपा उम्मीदवार डॉ रेखाबेन हितेशभाई चौधरी से पिछड़ गई थी, लेकिन फिर उन्होंने वापसी की। इसके बाद उतार-चढ़ाव का खेल चलता रहा और आखिर में गेनीबेन ने जीत दर्ज कर ली। गेनीबेन को कुल 6,71,883 वोट मिले, जबकि रेखाबने को 6,41,477 से संतोष करना पड़ा।
कौन है गेनीबेन ठाकोर?
इनका पूरा नाम गेनिबेन नागाजी ठाकोर है। उन्होंने स्नातक तक की पढ़ाई की है और वर्तमान में कांग्रेस के टिकट पर गुजरात विधानसभा में वाव सीट से विधायक भी हैं। गेनीबेन ने सबसे पहले 2012 में कांग्रेस के टिकट पर वाव विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत हासिल नहीं कर पाई थीं। इसके बाद भी उन्होंने राज्य में कांग्रेस की नीतियों पर काम करना जारी रखा और लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया।
लगातार दो विधानसभा चुनावों में जीत हासिल कर चुकी है गेनीबेन
गेनीबेन ने अपने प्रयासों से वाव विधानसभा के लोगों के दिलों में ऐसी जगह बनाई कि फिर उन्हें निराश नहीं होना पड़ा। उन्होंने साल 2017 में वाव विधानसभा सीट से दोबारा चुनाव लड़ा और भाजपा के शंकर चौधरी को 6,655 वोटों से शिकस्त देकर जीत हासिल कर ली। इसके बाद उन्होंने 2022 में फिर से इसी सीट से चुनाव लड़ा और जनता ने फिर से उन पर प्यार बरसाते हुए जीत का हार पहना दिया।
गेनीबेन ने चुनाव लड़ने के लिए चलाया था क्राउडफंडिंग अभियान
चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के मुताबिक, गेनिबेन ठाकोर 85 लाख रुपये की सम्पत्ति की मालकिन हैं। उन पर 6.27 लाख रुपये की देनदारी है। उनके और उनके पति के पास 1.20 लाख रुपये नकद हैं और बैंक में 1.70 लाख रुपये जमा हैं। चुनाव लड़ने के लिए आवश्यक बजट की कमी होने के कारण उन्होंने क्राउडफंडिंग अभियान भी चलाया था। इसमें लोगों ने उनका खुलकर साथ दिया और जमकर चंदा दिया।
गेनीबेन ने जताया बनासकांठा की जनता का आभार
चुनाव में जीत के बाद गेनीबेन ने कहा, "मैं बनासकांठा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का दिल से आभार व्यक्त करती हूं। बनासकांठा के लोगों ने मुझे वोट और नोट दोनों दिए हैं और मैं उनसे किए गए सभी वादे पूरे करूंगी।" उन्होंने आगे कहा, "मैं एक बार फिर उन्हें "बनास नी बेन गेनिबेन' (बांससनकथा की बहन गेनिबेन) का नारा गढ़ने के लिए धन्यवाद देती हूं और जब तक मैं जीवित हूं, उनकी सेवा करने का वादा करती हूं।"