Page Loader
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू राजस्थान से निर्विरोध जीतकर पहुंचे राज्यसभा, 3 सीटों पर भाजपा जीती
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू राजस्थान से निर्विरोध जीतकर पहुंचे राज्यसभा (तस्वीर: एक्स/@Un_Known_Expert)

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू राजस्थान से निर्विरोध जीतकर पहुंचे राज्यसभा, 3 सीटों पर भाजपा जीती

लेखन गजेंद्र
Aug 27, 2024
06:17 pm

क्या है खबर?

राज्यसभा की 12 सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव से पहले ही भाजपा ने अपना खाता खोल लिया है। पार्टी के 3 उम्मीदवार मंगलवार को निर्विरोध चुन लिए गए। निर्विरोध जीते उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी शामिल हैं, जो राजस्थान से जीतकर राज्यसभा पहुंचे हैं। बिट्टू के अलावा बिहार से उपकेंद्र कुशवाहा और मनन कुमार मिश्रा निर्विरोध जीते हैं। तीनों को जीत का प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया है।

राज्यसभा

किन-किन सीटों पर होना है राज्यसभा चुनाव

राज्यसभा में 9 राज्यों की 12 खाली सीटों के लिए चुनाव होना है। 3 सीटें भाजपा द्वारा निर्विरोध जीतने के बाद अब 9 सीटों पर चुनाव होगा। इसमें असम, बिहार और महाराष्ट्र की 2-2 सीट, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, त्रिपुरा, तेलंगाना और ओडिशा की 1-1 सीट शामिल थी। अब केवल असम, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हरियाणा, त्रिपुरा, तेलंगाना और ओडिशा सीट के लिए चुनाव होगा। सभी राज्यों में चुनाव 3 सितंबर को होना है।

चुनाव

किनके इस्तीफे से खाली हुई सीटें

राजस्थान में कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल से राज्यसभा की सीट खाली हुई थी। वेणुगोपाल केरल से लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे हैं, जिससे उनको राज्यसभा की सीट छोड़नी पड़ी। बिहार में एक सीट राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की मीसा भारती के इस्तीफे से खाली हुई है। वह भी लोकसभा चुनाव जीतकर सदन पहुंची हैं। दूसरी सीट भाजपा के विवेक ठाकुर ने छोड़ी है, जो राज्यसभा से लोकसभा पहुंचे हैं। उपेंद्र कुशवाहा काराकाट सीट से लोकसभा चुनाव हार गए थे।