LOADING...
6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू, रविवार को आएंगे नतीजे
6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव आज

6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू, रविवार को आएंगे नतीजे

Nov 03, 2022
08:48 am

क्या है खबर?

देश के छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव हो रहे हैं। हरियाणा की आदमपुर, महाराष्ट्र की अंधेरी ईस्ट, बिहार की मोकामा और गोपालगंज, तेलंगाना की मुनुगोडा, उत्तर प्रदेश की गोला गोकरनाथ और ओडिशा की धामनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो चुका है। इन सीटों पर तेलंगाना राष्ट्र समिति, राष्ट्रीय जनता दल, समाजवादी पार्टी और बीजू जनता दल जैसी क्षेत्रीय पार्टियां भाजपा को टक्कर दे रही हैं। मतगणना 6 नवंबर को होगी।

हरियाणा

आदमपुर विधानसभा उपचुनाव

हरियाणा के हिसार जिले में आने वाली आदमपुर विधानसभा में 1.71 लाख मतदाता हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने के बाद यहां उपचुनाव हो रहे हैं। भाजपा ने यहां कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई को टिकट दिया है। वहीं कांग्रेस ने उन्हें टक्कर देने के लिए जयप्रकाश को मैदान में उतारा है। बता दें, 1968 के बाद से इस सीट पर हमेशा भजनलाल परिवार जीतता आया है।

तेलंगाना

मुनुगोडा विधानसभा उपचुनाव

यहां 2.41 लाख मतदाता हैं। यहां के विधायक के राजगोपाल रेड्डी ने तेलंगाना कांग्रेस प्रमुख के साथ मतभेद होने के बाद पार्टी छोड़ दी और भाजपा का दामन थाम लिया था। भाजपा के रेड्डी के खिलाफ तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) ने पूर्व विधायक के प्रभाकर रेड्डी और कांग्रेस ने पी श्रवंती रेड्डी को टिकट दिया है। सत्तारूढ़ TRS के लिए यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है, वहीं भाजपा इसके सहारे अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश में है।

Advertisement

उत्तर प्रदेश

गोला गोकारनाथ विधानसभा उपचुनाव

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में मौजूद इस विधानसभा में 3.90 लाख मतदाता हैं। यहां से पांच बार के विधायक अरविंद गिरी का हार्ट अटैक से पिछले महीने निधन हो गया था। भाजपा ने यहां से अरविंद गिरी के 26 वर्षीय बेटे अमन गिरी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं सपा ने पूर्व विधायक विनय तिवारी को टिकट दी है। अमन गिरी के प्रचार के लिए भाजपा ने जोरदार प्रचार अभियान चलाया था।

Advertisement

बिहार

गोपालगंज और मोकामा विधानसभा उपचुनाव

यहां करीब 2.6 लाख मतदाता हैं और भाजपा विधायक सुभाष सिंह के निधन के बाद यहां उपचुनाव हो रहा है। भाजपा ने यहां कुसुम देवी को मैदान में उतारा है, वहीं राष्ट्रीय जनता दल ने मोहन गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। मोकामा की बात करें तो यहां 2.7 लाख मतदाता हैं। आर्म्स एक्ट में दोषी पाए जाने के बाद यहां से विधायक अनंत सिंह की विधायकी चली गई थी। यहां भी भाजपा और राष्ट्रीय जनता दल के बीच टक्कर है।

जानकारी

धामनगर विधानसभा उपचुनाव

2.4 लाख मतदाताओं वाली इस विधानसभा में भाजपा विधायक विष्णु चरण सिंह के निधन के बाद उपचुनाव हो रहा है। भाजपा ने यहां सेठी के बेटी सुर्यवंशी सूरज को टिकट दिया है। वहीं सत्ताधारी बीजू जनता दल ने अवंति दास को मैदान में उतारा है।

महाराष्ट्र

अंधेरी ईस्ट विधानसभा उपचुनाव

महाराष्ट्र की अंधेरी ईस्ट विधानसभा में 2.74 लाख मतदाता हैं और यहां से शिवसेना विधायक रमेश लाटके के निधन के कारण यहां उपचुनाव हो रहा है। शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट ने लाटके की पत्नी रुतुजा को यहां से उम्मीदवार बनाया है। वहीं सत्ताधारी गठबंधन ने यहां कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है। विपक्षी पार्टियों की अपील की बाद भाजपा ने मुर्जी पटेल की उम्मीदवारी वापस ले ली थी। कांग्रेस भी यहां रुतुजा का समर्थन कर रही है।

Advertisement