Page Loader
लोकसभा चुनाव: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी कांग्रेस को दे सकती है 10 सीटें
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को समाजवादी पार्टी 10 सीटें देने का विचार कर रही

लोकसभा चुनाव: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी कांग्रेस को दे सकती है 10 सीटें

लेखन गजेंद्र
Dec 27, 2023
03:23 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव 2024 में विपक्षी INDIA गठबंधन में अभी सीट बंटवारे को लेकर कोई निर्णय नहीं हुआ है, लेकिन खबर है कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (SP) कांग्रेस को 10 सीटें देने पर विचार कर रही है। इंडिया टीवी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की प्रमुख विपक्षी पार्टी SP सीट बंटवारे को लेकर मंत्रणा कर रही है। SP 50-60 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, जबकि कांग्रेस को 10 सीटें और राष्ट्रीय लोकदल (RLD) को 5-7 सीट देना चाहती है।

चुनाव

कांग्रेस ने नहीं लिया कोई निर्णय

रिपोर्ट के मुताबिक, SP के सीट प्रस्ताव पर अभी कांग्रेस की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया है। इससे पहले खबर आ रही थी कि SP कांग्रेस को 2 से 3 सीटें दे सकती है। 80 लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश में कांग्रेस कम से कम 20-25 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है। इसके पीछे 2009 लोकसभा चुनाव का तर्क दिया जा रहा है, जिसमें कांग्रेस ने 21 सीट जीती थी, वहीं RLD 12 सीटें चाहती है।

सीट बंटवारा

2019 के चुनाव में क्या था हाल?

2019 के लोकसभा चुनाव में SP और RLD ने मायावती की अगुवाई वाली बहुजन समाज पार्टी (BSP) से गठबंधन किया था। इसमें SP 37, BSP 38 और RLD ने 3 सीट पर चुनाव लड़ा था। गठबंधन ने 2 सीट रायबरेली और अमेठी सोनिया गांधी और राहुल गांधी के लिए छोड़ी थी। चुनाव में SP को 5 और BSP को 10 सीटों पर जीत मिली, जबकि RLD ने एक सीट नहीं जीती थी। कांग्रेस ने रायबरेली से जीत दर्ज की थी।