CJP के सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी पर राहुल गांधी बोले- जेल भेजना कायरतापूर्ण
क्या है खबर?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संस्थापक सौरव दास और आशुतोष रांका को जंतर-मंतर में बिना इजाजत प्रवेश करने के मामले में जेल भेजे जाने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कड़ा विरोध किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान तिरंगा लहराना कोई अपराध नहीं है और इसके लिए युवाओं को जेल में डालना कायरतापूर्ण काम है। बता दें कि राहुल केंद्र के विरोध में हो रहे सभी प्रदर्शनों को अपना समर्थन जता चुके हैं।
बयान
क्या बोले राहुल गांधी?
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल ने एक्स पर लिखा, 'जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के दौरान तिरंगा लहराना कोई अपराध नहीं है। इसके लिए युवाओं को जेल में डालना कायरतापूर्ण काम है। छात्र, युवा, पत्रकार और INDIA गठबंधन, भले ही बैनर अलग-अलग हों, लेकिन मकसद एक ही है। सभी विरोध प्रदर्शन एक ही हैं। नागरिक अपने संवैधानिक अधिकारों की मांग कर रहे हैं। जंतर-मंतर भारत के लोगों का है। हम इसे वापस हासिल करेंगे।'
हिरासत
दोनों को भेजा गया है तिहाड़ जेल
दास और रांका अपने कुछ साथियों के साथ मंगलवार सुबह लोहे का गेट फांदकर जंतर-मंतर के अंदर चले गए और वहां 'इंकलाब जिंदाबाद' के नारे लगाते हुए तिरंगा लहराया।
इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। रात भर थाने में रखने के बाद उन्हें मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां दास-रांका को छोड़कर अन्य साथियों को जमानत मिल गई।
दास और रांका को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेजा गया है।
वापसी
राहुल ने जंतर-मंतर वापस मांगा
केंद्र सरकार ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में मान्य स्थान से प्रतिबंधित कर दिया है और उसकी जगह रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का एक मैदान चिन्हित किया है।
इसका राहुल गांधी समेत तमाम विपक्षी नेताओं ने विरोध किया है। मंगलवार को INDIA गठबंधन के नेताओं के साथ चाय पर चर्चा के बाद राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि वह जंतर-मंतर को बहाल करने के लिए कोर्ट जाएंगे।