LOADING...
राहुल गांधी का आरोप, अडाणी की जांच के कारण ट्रंप का जवाब नहीं दे रहे मोदी
राहुल गांधी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप

राहुल गांधी का आरोप, अडाणी की जांच के कारण ट्रंप का जवाब नहीं दे रहे मोदी

लेखन गजेंद्र
Aug 06, 2025
03:01 pm

क्या है खबर?

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिका में अडाणी समूह के प्रमुख गौतम अडाणी के खिलाफ भ्रष्टाचार मामले की जांच चल रही है, इसलिए प्रधानमंत्री मोदी चुप्पी साधे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के हाथ बंधे हुए हैं और वे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों का जवाब नहीं दे पा रहे हैं।

निशाना

राहुल ने गुप्त रूप से 'AA' शब्द का उपयोग किया

राहुल ने एक्स पर लिखा, 'भारत, कृपया समझो। प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रपति ट्रंप की बार-बार की धमकियों के बावजूद, उनके सामने खड़े नहीं हो पा रहे हैं, इसका कारण अडाणी के खिलाफ चल रही अमेरिकी जांच है। एक धमकी मोदी, AA और रूसी तेल सौदों के बीच वित्तीय संबंधों को उजागर करने की है। मोदी के हाथ बंधे हुए हैं।' राहुल ने यहां गुप्त रूप से संभवत: दो नामों के लिए AA लिखा है। हालांकि, उसे उजागर नहीं किया है।

सवाल

संसद में भी नहीं लिया नाम

राहुल ने संसद के मानसून सत्र में पहलगाम आतंकी हमला और 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा के दौरान लोकसभा में बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती दी कि वे ट्रंप का नाम लेकर कहें कि "'ट्रंप झूठ बोल रहे हैं और उन्होंने भारत पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम नहीं करवाया है।" हालांकि, मोदी ने लोकसभा में बोलने के दौरान ट्रंप का नाम नहीं लिया था। उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि किसी देश ने भारत-पाकिस्तान युद्ध रुकवाने को नहीं कहा था।

जांच

अमेरिका में किस मामले में चल रही है अडाणी के खिलाफ जांच?

अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग (SEC) ने अडाणी समूह पर अमेरिका की बिजली कंपनियों के साथ सौर ऊर्जा अनुबंध के लिए भारतीय अधिकारियों को 2,000 करोड़ रुपये से अधिक रिश्वत देने का आरोप लगाया है। दावा है कि ये बात अमेरिकी बैंकों और निवेशकों से छिपाई गई। समूह को अनुबंध मिलने से करीब 16,000 करोड़ रुपये लाभ की उम्मीद थी। अमेरिकी कोर्ट ने अडाणी और उनके भतीजे सागर समेत 8 को आरोपी बनाया है। आरोपों को समूह ने नकारा है।