प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों से की मुलाकात, दिया जनसंपर्क का मंत्र
क्या है खबर?
देश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देने के लिए भाजपा ने दिल्ली स्थित अपने राष्ट्रीय मुख्यालय पर बैठकों का सिलसिला शुरू कर दिया है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व वाले नई राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी जनसंपर्क का मंत्र दिया। अध्यक्ष नबीन द्वारा 17 अगस्त को 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम घोषित करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी की उनसे यह पहली मुलाकात थी।
पोस्ट
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी जानकारी
मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर इस की जानकारी दी।
उन्होंने लिखा, 'सांगठनिक बैठकें हमेशा नए विचारों और दृष्टिकोणों के बारे में होती हैं, जिनका उद्देश्य पार्टी को मजबूत करना और जनता के साथ जुड़ाव को गहरा करना है। साथी पार्टी सहयोगियों और नई संगठनात्मक टीम के साथ बेहतरीन बातचीत रही।'
प्रधानमंत्री की बैठक से ठीक पहले अध्यक्ष नबीन ने पदाधिकारियों के साथ एक आवश्यक बैठक कर सांगठनिक रणनीति पर चर्चा की।
प्राथमिकता
युवा संवाद को प्राथमिकता देने पर जोर
अध्यक्ष नबीन ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से युवा संवाद को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने को कहा।
पार्टी आने वाले दिनों में देशव्यापी स्तर पर बड़े पैमाने पर युवा आउटरीच कार्यक्रम शुरू करेगी। इसमें मुख्य रूप से 14 वर्ष और उससे अधिक आयु के युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी अभियान को चलाने के लिए देश भर के वरिष्ठ नेताओं को शामिल कर समर्पित टीमें बनाई जा रही हैं।
प्रस्ताव
'वंदे मातरम' के अपमान पर कांग्रेस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित
बैठक में भाजपा ने कांग्रेस के उस फैसले के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया, जिसमें पार्टी कार्यक्रमों में 'वंदे मातरम' के केवल पहले 2 छंदों को गाने की बात कही गई थी।
इसमें कहा गया कि भाजपा राजनीतिक सुविधा या तुष्टीकरण के लिए राष्ट्रीय गीत के सम्मान से कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगी।
नबीन ने कहा कि 1937 के राजनीतिक समझौते को 1950 के संवैधानिक समझौते और 2026 में संसद द्वारा बनाए गए कानून से ऊपर नहीं रखा जा सकता।
कार्यकारिणी
बड़े चेहरों की वापसी और आगामी विधानसभा चुनावों पर नजर
अध्यक्ष नबीन की नई 65 सदस्यीय टीम में कई बड़े संगठनात्मक बदलाव देखने को मिले हैं, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राम माधव की प्रमुख सांगठनिक भूमिकाओं में वापसी हुई है।
अध्यक्ष नबीन रविवार सुबह 10 बजे भाजपा मुख्यालय पर एक और बड़ी समीक्षा बैठक करेंगे।
इसमें के सभी राज्यों के भाजपा अध्यक्ष, संगठन महासचिव और प्रदेश प्रभारी हिस्सा लेंगे। इसमें चुनावी राज्यों की तैयारी पर जोर होगा।