पंजाब में अब अलका लांबा पर भी मामला दर्ज, पुलिस ने घर के बाहर चिपकाया नोटिस

पंजाब पुलिस ने मशहूर कवि और आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व सदस्य कुमार विश्वास के खिलाफ मामला दर्ज करने के साथ ही अब कांग्रेस नेता अलका लांबा के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। इतना ही नहीं पुलिस ने बुधवार शाम को उनके दिल्ली स्थित घर के बाहर नोटिस चिपाकर उन्हें 26 अप्रैल को पूछताछ के लिए पहुंचने को पाबंद किया है। कांग्रेस नेता लांबा ने खुद ट्वीट कर पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी है।
लांबा के खिलाफ पंजाब के रूपनगर सदर पुलिस थाने में 12 अप्रैल को AAP कार्यकर्ताओं की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की गई है। इसमें उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 153 (दंगा भड़काने के इरादे से उकसाना), 153-A (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 505 (सार्वजनिक शरारत के लिए उकसाने वाले बयान), 502 (गैरकानूनी सभा), 116, 143, 147 (दंगा करने का दोषी), 323, 341, 120-B और जनप्रतिनिधित्व कानून की धाराएं लगाई गई है।
दरअसल, पंजाब चुनाव पहले कुमार विश्वास ने कहा था, "अरविंद केजरीवाल ने एक दिन उन्हें कहा था कि वो या तो पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे या फिर स्वतंत्र राष्ट्र (खालिस्तान) के पहले प्रधानमंत्री होंगे।उन्होंने केजरीवाल के अलगाववादियों के साथ संबंध होने का आरोप लगाया था।" उनके इस आरोपों का कांग्रेस नेता लांबा ने समर्थन किया था और अलग-अलग टीवी चैनलों पर इंटरव्यू देकर केजरीवाल के खिलाफ भड़काऊ बयान दिए थे। इसको लेकर उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
रूपनगर पुलिस ने बुधवार शाम को दिल्ली पहुंचकर लांबा के घर के बाहर नोटिस चिपका दिया। नोटिस में लिखा था, 'जांच के दौरान पता चला है कि तथ्यों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आपसे पूछताछ करने के लिए उचित आधार हैं। ऐसे में आपको 26 अप्रैल या उससे पहले रूपनगर सदर थाने में विशेष जांच दल के सामने उपस्थित होना होगा। नोटिस की अवहेलना करने पर आपको गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।'
पंजाब पुलिस के नोटिस को लेकर लांबा ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, 'पंजाब पुलिस के कानूनी नोटिस पर मैं 26 अप्रेल, मंगलवार, सुबह 9 बजे रूपनगर, पंजाब पहुंच जाऊंगी। जो कहा उस पर सदा अडिग रहूंगी, डरने वालों में से नहीं हूं और न ही AAP की तरह नशा माफियाओं से लिखित में माफ़ी मांगकर घर बैठने वालों में हूं।' बता दें कि लांबा कांग्रेस में जाने से पहले AAP की विधायक रही थीं।
लांबा ने बुधवार शाम को कुमार विश्वास के ट्वीट पर रीटि्वट कर लिखा था, 'अब समझ आ रहा होगा कि AAP को पुलिस क्यों चाहिए थी? भाजपा की तरह अपने विरोधियों को डराने और उनकी आवाज दबाने के लिए। थोड़ी तो शर्म करो केजरीवाल जी।'
पंजाब पुलिस द्वारा दिए गए क़ानूनी नोटिस के मुताबिक़ 26अप्रेल,मंगलवार,सुबह 9बजे SIT के सामने पेश होने के लिए रूपनगर,पंजाब जाऊँगी.
— Alka Lamba (@LambaAlka) April 21, 2022
जो कहा उस पर सदा अडिग रहूँगी,डरने वालों में से नहीं हूं,
ना ही #AAP की तरह नशा माफियाओं से लिखित में माफ़ी माँग कर डर कर घर बैठ जाने वालों में से हूँ. pic.twitter.com/aaFSWNIC3S
बता दें कि रूपनगर पुलिस ने कुमार विश्वास के खिलाफ भी उन्हीं धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बुधवार सुबह गाजियाबाद स्थित उनके घर पहुंचकर नोटिस थमाया था। इसको लेकर विश्वास ने ट्वीट किया था कि सुबह-सुबह पंजाब पुलिस द्वार पर पधारी है। एक समय, उनके द्वारा पार्टी में शामिल कराए गए भगवंत मान को आगाह कर रहा हूं कि एक दिन दिल्ली में बैठा व्यक्ति आपके और पंजाब के साथ विश्वासघात करेगा।