नितिन नबीन बोले- राहुल गांधी देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे
क्या है खबर?
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल विदेशी ताकतों के जरिए देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी जो कर रहे हैं, भारत का युवा उन्हें देख रहा है। आप इस देश के सांविधानिक ढांचे को चुनौती दे रहे हैं और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसका जवाब जनता देगी।"
बयान
नितिन बोले- राहुल के मंसूबे कामयाब नहीं होंगे
नितिन ने कहा, "जिन विदेशी ताकतों के दम पर आप राजनीति कर रहे हैं और भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं, आपके ये मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। मैं चेतावनी देता हूं कि भाजपा और जनता, दोनों आपको जवाब देंगे। भारत सरकार कड़ाई से निपटेगी और आपके मंसूबों को रोकेगी। हम देश के प्रति प्रतिबद्ध हैं। विकसित भारत के सपने को आगे बढ़ाएंगे और देशविरोधी ताकतों से सख्ती से निपटेंगे।"
CJP
नितिन ने CJP पर भी साधा निशाना
नितिन ने कहा, "जहां 140 करोड़ लोग शांति और सद्भाव से रह रहे हैं और भारत के विकास में मिलकर योगदान दे रहे हैं। यह कौन कर रहा है? 2 अराजक समूह: एक 'INDI अलायंस' के राहुल गांधी के नेतृत्व में और दूसरा अरविंद केजरीवाल के सहयोगियों, CJP के नेतृत्व में। मैं इन दोनों समूहों से साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि भारत की जनता आपके इरादों को अच्छी तरह समझती है।"