Page Loader
महाराष्ट्र: भाजपा और राज ठाकरे की MNS के बीच होगा गठबंधन? बातचीत शुरू
महाराष्ट्र में राज ठाकरे की पार्टी और भाजपा के बीच गठबंधन की संभावना

महाराष्ट्र: भाजपा और राज ठाकरे की MNS के बीच होगा गठबंधन? बातचीत शुरू

लेखन गजेंद्र
Feb 07, 2024
01:33 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र में राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) और भाजपा के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत शुरू हो गई है। इंडिया टुडे के मुताबिक, मंगलवार को MNS के नेताओं ने उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। इस दौरान लोकसभा चुनाव को लेकर बातचीत हुई। सीट बंटवारे की बात अभी सामने नहीं आई, लेकिन राज ठाकरे ने MNS नेता बाला नंदगांवकर, संदीप देशपांडे और नितिन सरदेसाई को बंटवारे के लिए चर्चा की जिम्मेदारी सौंपी है।

गठबंधन

भाजपा नेताओं की हो चुकी है राज ठाकरे से मुलाकात

ABP माझा के मुताबिक, राज ठाकरे और भाजपा नेताओं के बीच पहले भी काफी मुलाकातें हो चुकी हैं, लेकिन मंगलवार के घटनाक्रम ने MNS के भाजपा के साथ जाने की खबरों को मजबूती दी है। MNS नेता संदीप देशपांडे ने बताया कि उनकी फडणवीस से कोई विशेष चर्चा नहीं हुई, वह काफी समय से फड़णवीस से मिलना चाह रहे थे, उसी दृष्टि से तीनों उनसे मिले। देशपांडे ने इसे सद्भावना मुलाकात बताया।

चुनाव

महाराष्ट्र में इस साल होने हैं 2 चुनाव

महाराष्ट्र में इस साल 2 बार चुनाव होने हैं। यहां लोकसभा चुनाव के बाद साल के अंत में विधानसभा चुनाव भी होने हैं। महाराष्ट्र में लोकसभा की 48 और विधानसभा की 288 सीटें हैं। महाराष्ट्र में इस बार का चुनाव काफी दिलचस्प होने वाला है क्योंकि यहां सत्तारूढ़ एकनाथ शिंदे की शिवसेना, भाजपा और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) गठबंधन में हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस, उद्धव ठाकरे की शिवसेना और शरद पवार की NCP गठबंधन में हैं।