Page Loader
लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: बेगूसराय से गिरिराज सिंह ने दर्ज की लगातार दूसरी जीत
बिहार की बेगूसराय सीट से गिरिराज सिंह ने दर्ज की जीत

लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: बेगूसराय से गिरिराज सिंह ने दर्ज की लगातार दूसरी जीत

Jun 04, 2024
06:15 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव 2024 की सबसे चर्चित सीटों में शुमार बिहार के बेगूसराय से भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने करीबी के मुकाबले में जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के अवधेश राय को 82,000 से अधिक मतों से हरा दिया है। बता दें कि सिंह वर्तमान में भी इसी सीट से सांसद हैं और उन्होंने 2019 में CPIM के कन्हैया कुमार को 4,22,217 वोटों के बड़े अंतर से हराकर संसद पहुंचने का रास्ता बनाया था।

इतिहास

कैसा रहा है बेगूसराय सीट का इतिहास?

इस सीट पर सबसे पहले 1952 के पहले चुनाव से 1962 तक कांग्रेस के मथुरा प्रसाद मिश्रा सांसद रहे थे। उसके बाद 1967 में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, 1971 में कांग्रेस, 1977 में जनता पार्टी, 1980 और 1984 में कांग्रेस, 1989 में जनता दल, 1991 में कांग्रेस, 1996 में निर्दलीय, 1998 में कांग्रेस, 1999 में राष्ट्रीय जनता दल, 2004 और 2009 में JDU के उम्मीदवारों ने चुनाव जीते थे। हालांकि, 2014 से यहां भाजपा उम्मीदवारों ने ही जीत दर्ज की है।

मतदान

बेगूसराय में इस बार कम रहा मतदान प्रतिशत

बेगूसराय में सबसे अधिक भूमिहार मतदाता हैं, जो कि हर चुनाव में निर्णायक भूमिका अदा करते हैं। साल 2019 के आम चुनाव में यहां के 62.63 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था, लेकिन इस बार मतदान प्रतिशत घटकर 58.40 फीसदी ही रह गया है। यहां चौथे चरण में यानी 13 मई को मतदान हुआ था। यहां इस बाद 10 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाने के लिए चुनाव लड़ा था, लेकिन गिरिराज सब पर भारी पड़ गए।