LOADING...
TDP नेता को गोवा का राज्यपाल बनाया, RSS के करीबी कविंदर गुप्ता बने लद्दाख के उपराज्यपाल
कविंदर गुप्ता को लद्दाख का उपराज्यपाल, अशोक गजपति राजू को गोवा और प्रोफेसर असीम घोष को हरियाणा का राज्यपाल बनाया गया

TDP नेता को गोवा का राज्यपाल बनाया, RSS के करीबी कविंदर गुप्ता बने लद्दाख के उपराज्यपाल

लेखन गजेंद्र
Jul 14, 2025
04:24 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हरियाणा और गोवा के राज्यपाल के साथ लद्दाख के उपराज्यपाल की नियुक्ति कर दी है। प्रोफेसर असीम कुमार घोष को हरियाणा और पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल बनाया गया है। लद्दाख के उपराज्यपाल सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर बीडी मिश्रा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। उनकी जगह कविंदर गुप्ता को उपराज्यपाल बनाया गया है। राष्ट्रपति भवन के अनुसार, सभी नियुक्तियां संबंधित पदों का कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होंगी।

पहचान

कौन हैं कविंदर गुप्ता?

कविंदर बचपन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े हैं। आपातकाल के दौरान उन्हें 1975 से 1977 के बीच 13 महीने के लिए जेल भी जाना पड़ा था। वे विश्व हिंदू परिषद (VHP) की पंजाब इकाई के सचिव रह चुके हैं। वे 2005-2010 तक लगातार 3 बार जम्मू शहर के मेयर रहे हैं और 2014 में जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में गांधीनगर सीट से कांग्रेस के रमन भल्ला को हराया था। वे जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष भी रहे हैं।

पहचान

कौन हैं असीम कुमार घोष और गजपति राजू?

हरियाणा में बंडारू दत्तात्रेय राज्यपाल थे। अब उनकी जगह असीम कुमार घोष तैनाती लेंगे। दत्तात्रेय 2021 से राज्यपाल थे। दत्तात्रेय के भविष्य को लेकर जानकारी सामने नहीं आई है। घोष पश्चिम बंगाल के हावड़ा के रहने वाले हैं और 1999 से 2002 तक पश्चिम बंगाल के अध्यक्ष रहे हैं। गजपति राजू तेलेगु देशम पार्टी (TDP) के वरिष्ठ नेता हैं। वे 2014 से 2018 तक नागरिक उड्डयन मंत्री रहे थे। वे 10वीं पास हैं और गोवा में राज्यपाल का काम देखेंगे।

Advertisement

जानकारी

भाजपा ने पहली बार किसी गठबंधन के नेता को बनाया राज्यपाल

यह पहली बार है, जब भाजपा ने किसी गठबंधन के नेता को किसी राज्य का राज्यपाल बनाया है। पिछले 10 सालों में सिर्फ भाजपा नेता ही राज्यपाल बने हैं। इससे पता चलता है कि भाजपा और TDP के बीच राजनीतिक रिश्ते मजबूत हुए हैं।

Advertisement