Loading...
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ नई FIR दर्ज, पुलिसकर्मियों पर हमले का आरोप
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ नई FIR दर्ज

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ नई FIR दर्ज, पुलिसकर्मियों पर हमले का आरोप

लेखन गजेंद्र
Oct 08, 2026
10:25 am

क्या है खबर?

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं पर दिल्ली पुलिस ने एक नई FIR दर्ज की है। सभी पर बुधवार के प्रदर्शन के दौरान सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों पर हमले का आरोप है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि FIR प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं से संबंधित है। मामले में लगाए गए आरोपों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

आरोप

पुलिस ने 91 लोगों को हिरासत में लिया था

बुधवार को राहुल अपनी सांसद बहन प्रियंका और INDIA गठबंधन के सांसद और नेताओं के साथ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उनको रोकने की कोशिश की।

इस दौरान प्रियंका गांधी पुलिस की ज्यादती से बचने के लिए सड़क पर लेट गई थीं। पूरा दिन सड़क पर हंगामा होता रहा। पुलिस ने राहुल और प्रियंका को जबरदस्ती बस में बैठा लिया।

पुलिस ने कई सांसदों और नेताओं समेत कुल 91 लोगों को हिरासत में लिया था।

प्राथमिकी

बुधवार को भी दर्ज हुई थी FIR

इससे पहले, बुधवार को भी दिल्ली पुलिस ने राहुल और प्रियंका के खिलाफ FIR दर्ज की थी। उनके ऊपर आकाशवाणी भवन के बाहर धरना देने और कामकाज प्रभावित करने का आरोप लगाया था।

इस पर कांग्रेस नेता ने कहा था कि अभी उनके खिलाफ 45 FIR दर्ज है और वह इससे डरते नहीं है, ये उनके लिए एक तमगे की तरह हैं और उनका लक्ष्य अपने खिलाफ 100 FIR दर्ज कराने का है।

ADVERTISEMENT

मांग

INDIA गठबंधन ने राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा

विपक्षी INDIA गठबंधन के नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने का समय मांगा है।

सूत्रों के अनुसार, 15 नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात का अनुरोध किया था, जबकि 10 सदस्यों को राष्ट्रपति मुर्मू से मिलने की अनुमति दी गई है। ममता बनर्जी के भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल होने की संभावना है।

ADVERTISEMENT

सुरक्षा

आज भी प्रदर्शन, सुरक्षा बढ़ाई गई

कांग्रेस समेत INDIA गठबंधन के नेताओं ने गुरुवार को भी दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करने की योजना बनाई है, जिसे देखते हुए पुलिस अलर्ट है।

गुरुवार सुबह मध्य दिल्ली के संसद मार्ग चौराहे के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) को भी तैनात किया गया है।

पुलिस ने कई जगह अवरोधक लगाए हैं।

ADVERTISEMENT