दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हैं करोड़पति, जानिए कितनी है संपत्ति
क्या है खबर?
दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद 12 दिन बाद भाजपा ने मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर दिया है। शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता (50) को मुख्यमंत्री बनाया गया है।
बुधवार देर शाम भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद रेखा के नाम का चुनाव किया गया। रेखा भले ही छात्र जीवन से राजनीति से जुड़ी हों, लेकिन उनके पति मनीष गुप्ता का राजनीति से कोई नाता नहीं।
आइए जानते हैं रेखा गुप्ता कितनी अमीर हैं।
संपत्ति
करोड़पति हैं रेखा गुप्ता
दिल्ली के विधानसभा चुनाव के समय अपने चुनावी हलफनामे में रेखा ने अपनी कुल संपत्ति 5.31 करोड़ रुपये बताई है, जिसमें कुल 1.2 करोड़ रुपये की देनदारी है।
रेखा की आय का स्रोत वकालत है और राजनीति है। उनके पास कुल नकद रकम 1.48 लाख रुपये है और उनके बैंक खाते में 22,44,242 रुपये हैं।
उनकी 2023-24 में वार्षिक आय करीब 7 लाख रुपये, 2022-23 में 5 लाख रुपये, 2021-22 में 6.5 लाख, 2020-21 में करीब 6 लाख रुपये थी।
निवेश
रेखा ने कहां-कहां किया है निवेश?
रेखा ने शेयर बाजार में भी निवेश किया है, उनके पास अलग-अलग कंपनियों के शेयर हैं। उनके पास केशव सहकारी बैंक लिमिटेड के 200 और हिंदुस्थान समाचार लिमिटेड के 100 शेयर हैं।
उन्होंने डाक सेवा में कोई निवेश नहीं किया है। उनके और उनके पति के पास 53,68,323 रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी है।
रेखा के पति एक स्पेयर पार्ट्स व्यवसायी हैं, जिनकी 2023-24 कुल वार्षिक आय करीब 97 लाख रुपये थी और 2022-23 में 65 लाख रुपये थी।
संपत्ति
रेखा के पास कार नहीं, लेकिन एक घर है
रेखा के पास खुद के नाम पर कोई कार नहीं है, लेकिन उनके पति गुप्ता के पास मारुति XL6 (2020 मॉडल) की एक कार है, जिसकी कीम 4,33,500 रुपये है।
उनके पास कुल 18 लाख रुपये के आभूषण हैं। अचल संपत्ति में देखें तो उनके पास दिल्ली के रोहिणी में एक घर है, जिसकी कीमत 30 लाख रुपये है।
रेखा के पास शालीमार बाग में भी एक घर है, जिसकी कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक है।
शपथ
कल लेंगी रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ
रेखा गुप्ता गुरुवार 20 फरवरी को दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी, जिसकी तैयारी कई दिनों से चल रही है।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत 30,000 लोग मौजूद रहेंगे।
प्रवेश वर्मा को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। वे भी कल मुख्यमंत्री के साथ शपथ लेंगे। समारोह में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।