Page Loader
बिहार: कांग्रेस विधायक दल के नेता के किशोर बेटे का शव सरकारी आवास में मिला
बिहार में कांग्रेस विधायक शकील अहमद के बेटे ने आत्महत्या की (तस्वीर: एक्स/@SaudRjd)

बिहार: कांग्रेस विधायक दल के नेता के किशोर बेटे का शव सरकारी आवास में मिला

लेखन गजेंद्र
Feb 03, 2025
12:55 pm

क्या है खबर?

बिहार में कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद के 18 वर्षीय बेटे अयान का पटना स्थित सरकारी आवास में संदिग्ध हालत में शव मिला है। बताया जा रहा है कि रविवार रात को अयान खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था, सोमवार सुबह उसका शव कमरे में मिला। घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। अयान के पास से कोई सुसाइड नहीं मिला है। जांच जारी है।

आत्महत्या

अहमदाबाद में हैं विधायक शकील अहमद

घटना के समय विधायक शकील अहमद अहमदाबाद में थे। उन्हें उनके बेटे के विषय में जानकारी दे दी गई है, वे 1 बजे तक पटना पहुंचेंगे। अयान अपने पिता के इकलौते बेटे थे। शकील की एक बेटी इंग्लैंड में कानून की पढ़ाई कर रही हैं। अयान दिल्ली पब्लिक स्कूल में 12वीं के छात्र थे। पुलिस का कहना है कि अभी मौत को लेकर कोई कारण सामने नहीं आया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद कुछ कहा जा सकता है।

जांच

रात में अपने दोस्त की पार्टी में गया था अयान

दैनिक भास्कर के मुताबिक, अयान रविवार रात को अपने दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में गया था, जहां से वह रात को 11 बजे लौटा और अपने कमरे में सोने चला गया। सोमवार सुबह जब उसे स्कूल के लिए उठाने गए तो उसका दरवाजा नहीं खुला। दरवाजा मुश्किल से खोला गया तो उसका शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था। अयान के दोस्त उमर खान का कहना है कि आयन काफी हंसमुख था, उसे किसी बात का तनाव नहीं था।

जानकारी

कदवा से विधायक हैं शकील अहमद

शकील अहमद कटिहार के कदवा से विधायक हैं। उन्हें 2023 में कांग्रेस ने विधानमंडल दल का नेता बनाया था। वे साफ-सुधरी छवि वाले नेता माने जाते हैं। बिहार में कांग्रेस के 18 विधायक हैं। 18 जनवरी को अयान ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी।