राज्यसभा सांसद अमर सिंह का 64 साल की उम्र में निधन
क्या है खबर?
राज्यसभा सांसद और समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता अमर सिंह का शनिवार को 64 साल की उम्र में निधन हो गया।
वो पिछले काफी समय से बीमार थे और कई महीनों से सिंगापुर में उनका इलाज चल रहा था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ दिनों से वो ICU में भर्ती थे और उनका परिवार भी सिंगापुर में मौजूद था।
अमर सिंह अपने राजनीतिक संबंधों के लिए जाने जाते थे और मुखर रूप से अपनी बात रखते थे।
राजनीति
मुलायम सिंह यादव के करीबियों में शामिल थे अमर सिंह
अमर सिंह का जन्म उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में हुआ था। कानून की पढ़ाई करने वाले अमर सिंह कारोबारी से राजनेता बने थे।
उन्हें सपा के वरिष्ठ नेता मुलायम सिंह यादव के सबसे करीबी लोगों में गिना जाता था। अमर सिंह पार्टी के महासचिव रहे और राज्यसभा सांसद भी बने।
2010 में उन्होंने सपा से इस्तीफा दे दिया। 2011 में वो कुछ समय तक जेल में रहे। 2016 में वो फिर सपा में लौट आए और राज्यसभा सांसद बने।
यात्रा
मुलायम सिंह यादव से उड़ान में हुई मुलाकात के बाद खुला राजनीति का दरवाजा
कहा जाता है कि अमर सिंह का राजनीति में आने का रास्ता एक उड़ान के दौरान मुलायम सिंह यादव से हुई भेंट से शुरू होता है।
यूं तो दोनों की पहले भी कुछ मुलाकातें हो चुकी थीं, लेकिन उड़ान के दौरान हुई मुलाकात के बाद मुलायम सिंह ने उन्हें पार्टी में शामिल करने का फैसला किया और महासचिव पद सौंपा।
उन्हें मुलायम सिंह यादव का विश्वासपात्र माना जाता था और वो खुद कई मौकों पर ऐसा कह चुके थे।
जेल
सांसदों की खरीद-फरोख्त मामले में जेल में भी रहे अमर सिंह
साल 2008 में न्यूक्लियर डील को लेकर उन्होंने कांग्रेस सरकार को बचाने में मदद की थी। उसी दौरान भाजपा के तीन सांसद संसद में नोट लहराते हुए देश को दिखे थे।
बाद में अमर सिंह पर सांसदों की खरीद-फरोख्त करने का आरोप लगा। बाद में उनका एक टेप सामने आया, जिसमें वो किसी जज के साथ सेटिंग करने की बात कहते हुए सुन रहे थे।
बाद में उन्हें इस मामले में कुछ समय तक तिहाड़ जेल में भी रहना पड़ा।
जानकारी
2011 में बनाई थी अपनी पार्टी
सपा से निकलने के बाद 2011 में अमर सिंह ने राष्ट्रीय लोक मंच नामक पार्टी भी बनाई थी। चुनाव में उन्होंने अपने उम्मीदवार खड़े किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। वो दो हिंदी फिल्मों में भी छोटी-छोटी भूमिकाओं में नजर आ चुके हैं।
श्रद्धांजलि
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी श्रद्धांजलि
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमर सिंह को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'वरिष्ठ नेता एवं सांसद श्री अमर सिंह के निधन के समाचार से दुःख की अनुभूति हुई है। सार्वजनिक जीवन के दौरान उनकी सभी दलों में मित्रता थी। स्वभाव से विनोदी और हमेशा ऊर्जावान रहने वाले अमर सिंहजी को ईश्वर अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएँ।'
उनके अलावा कई और नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
ट्विटर पोस्ट
ये था अमर सिंह का अंतिम ट्वीट
Tribute to the great revolutionary freedom fighter Lokmanya #BalGangadharTilak ji on his death anniversary.
— Amar Singh (@AmarSinghTweets) August 1, 2020
His contribution will be remembered forever🙏🙏 pic.twitter.com/tEdchlp1hz