Loading...
समाजवादी पार्टी का कांग्रेस को संदेश, अखिलेश बोले- बात सीट की नहीं, जीत की
अखिलेश यादव ने सीट बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया है

समाजवादी पार्टी का कांग्रेस को संदेश, अखिलेश बोले- बात सीट की नहीं, जीत की

लेखन आबिद खान
Oct 04, 2026
11:57 am

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में सीटों को लेकर टकराव बढ़ रहा है। दोनों पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी कर रही हैं। इस बीच SP के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गठबंधन और सीट शेयरिंग को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में कितनी सीटें किस पार्टी को मिलती हैं या कौन सी सीट किसके पास जाती है, इससे ज्यादा महत्वपूर्ण गठबंधन की जीत सुनिश्चित करना है।

बयान

अखिलेश बोले- हमें ये सुनिश्चित करना है कि जीत गठबंधन की हो

अखिलेश ने कहा, 'बात ये नहीं है कि गठबंधन में कितनी सीटें या कौनसी सीट किसके पास है, बात बड़ी ये है कि हमें ये सुनिश्चित करना है कि जीत गठबंधन की हो। ये जीत हमारे गठबंधन की पार्टियों से बढ़कर हम सबकी उस संयुक्त कोशिश की होगी, जो इसलिए लगातार संघर्षरत है कि सांप्रदायिकता फिर कभी सिर न उठा सके, लोकतंत्र-संविधान-आरक्षण पर भाजपाई आंच न आए, देश का सौहार्द फिर से खिलखिलाए और देश की तरक्की-खुशहाली फिर से मुस्कुराए।'

सांसद का बयान

सपा सांसद बोले- कांग्रेस को 50 सीट देना भी बड़ी बात

SP सांसद शिवपाल पटेल ने कांग्रेस की 150 सीटों की मांग को खारिज कर दिया है।

उन्होंने कहा, "150 सीटों का तो सवाल ही नहीं है। उन्हें 50 सीट देना भी बड़ी बात होगी। हमारे साथ गठबंधन नहीं होता तो कांग्रेस एक सीट भी नहीं जीत पाती। ऐसी स्थिति बन गई थी कि उनके शीर्ष नेता राहुल गांधी अपनी सीट छोड़ने को तैयार थे।"

दरअसल, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने कहा था कि कांग्रेस 150 सीटों पर लड़ना चाहती है।

ADVERTISEMENT