Page Loader
बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेगी AAP, अरविंद केजरीवाल बोले- किसी से गठबंधन नहीं
आम आदमी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेगी

बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेगी AAP, अरविंद केजरीवाल बोले- किसी से गठबंधन नहीं

लेखन आबिद खान
Jul 03, 2025
01:18 pm

क्या है खबर?

आम आदमी पार्टी (AAP) बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसका ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी बिना किसी से गठबंधन किए अकेले ही चुनावी मैदान में उतरेगी। अहमदाबाद में केजरीवाल ने कहा, ",INDIA गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था। अब हमारा किसी से कोई गठबंधन नहीं है।" केजरीवाल ने ये भी कहा कि पंजाब और गुजरात में भी पार्टी अकेले लड़ेगी और सरकार बनाएगी।

बयान

केजरीवाल बोले- बिहार में जीतेंगे, सरकार बनाएंगे

केजरीवाल ने कहा, "हम बिहार में अकेले चुनाव लड़ेंगे, जीतेंगे और सरकार बनाएंगे। हमने पंजाब में यह करके दिखाया है और वहां अगली बार भी हमारी सरकार बनेगी। गुजरात में भी आने वाले दिनों में हम चुनाव जीतकर सरकार बनाएंगे। विसावदर उपचुनाव में हमने कांग्रेस से अलग लड़कर 3 गुना ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है। यह जनता का सीधा संदेश है कि अब विकल्प आम आदमी पार्टी ही है।"

चुनाव

बिहार में साल के अंत में होना है चुनाव

बिहार में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है। यहां राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अगुवाई वाले महागठबंधन और भाजपा की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में मुख्य मुकाबला है। पिछले चुनावों में NDA ने 125 सीटें जीती थीं। वहीं, महागठबंधन में RJD ने 75, कांग्रेस ने 19 और लेफ्ट ने 16 सीटें जीती थीं। केजरीवाल के इस ऐलान से दोनों दलों की चिंताएं बढ़ सकती हैं।